ज्ञान भारद्वाज, गाजियाबाद. थाना मुरादनगर पुलिस ने एक लूट आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, लूट का मोबाइल फोन, एक ऑटो रिक्शा और 700 रुपये नकद बरामद किए गए हैं.

पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से मेरठ की ओर जाने वाले मार्ग पर चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल बदमाश अपने साथियों के साथ नवीपुर बम्बा पेरिफेरल अंडरपास के पास किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है. सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की. इसी दौरान एक ऑटो रिक्शा आता दिखाई दिया. पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर चालक भागने लगा, लेकिन ऑटो बम्बे के पास फंस गया.

इसे भी पढ़ें : नशे के लिए मौत का खेलः भतीजे ने डंडे से पीटकर चाची की छीनी सांसें, जानिए खूनी खेल की खौफनाक दास्तां

खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई। बाद में उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी की पहचान करन पुत्र सूरजपाल निवासी शिव विहार, करावल नगर, दिल्ली के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों पुनित शर्मा, जतिन मित्तल और अनुराग गुप्ता के साथ मिलकर मेरठ मोड़ क्षेत्र में एक व्यक्ति से दो मोबाइल फोन और 5600 रुपये लूटने की घटना कबूल की। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।