Osama Shahab: बिहार की सियासत से जुड़ी एक बड़ी खबर निकलकर सामने आई है। दरअसल सीवान के रघुनाथपुर सीट से राजद के विधायक और पूर्व सांसद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब के आवास पर पुलिस ने छापेमारी की है। यह छापेमारी ओसामा शहाब के नवलपुर स्थित विधायक आवास और हुसैनगंज थाना क्षेत्र के प्रतापपुर स्थित उनके पैतृक आवास दोनों जगहों पर की गई है। इस दौरान दोनों जगहों पर काफी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रही।

कोर्ट ने खारिज की थी जमानत याचिका

डीआईजी निलेश कुमार के नेतृत्व में यह छापेमारी की गई है। राजद विधायक ओसामा शहाब पर एक डॉक्टर दंपत्ति की जमीन पर जबरन कब्जा करने और मकान निर्माण कार्य में लगे उनके मजदूरों के साथ मारपीट व धमकी देने का गंभीर आरोप है। इस मामले में डॉक्टर दंपत्ति ने महादेवा थाने में ओसामा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। विधायक की ओर से इस मामले में जिला एंव सत्र न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया था। इसके बाद से ओसामा शहाब फरार बताए जा रहे हैं।

ओसाम शहाब के खिलाफ मिले सबूत!

डीआईजी निलेश कुमार ने बताया कि जमीन कब्जे और रंगदारी से जुड़े मामले में जांच के दौरान कई अहम साक्ष्य मिले हैं। कोर्ट से वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने दोनों ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई शुरू की है। उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान ओसामा शहाब नहीं मिले हैं।

डीआईजी ने यह भी बताया कि, सीवान के भू-माफिया की लिस्ट तैयार है लेकिन उसे किसी के साथ शेयर नहीं किया जा सकता है। हमलोग उसपर काम कर रहे हैं और धीरे-धीरे सभी जमीन माफिया से सख्ती से निपटने का काम सीवान की पुलिस करेगी। ऐसे लोगों को संदेश देना चाहते हैं कि वह रंगदारी का रास्ता छोड़ दें।

गोरखपुर में रहते हैं डॉक्टर दंपत्ति

ओसामा शहाब के खिलाफ यह शिकायत यूपी के गोरखपुर में रहने वाले डॉक्टर विनय सिंह और उनकी पत्नी डॉ. सुधा सिंह ने दर्ज कराई है। हालांकि यह डॉक्टर दंपत्ति मूल से बिहार के गोपालगंज जिले के रहने वाले हैं। दर्ज शिकायत में उन्होंने यह आरोप लगाया है कि उन्होंने सीवान के जूनापुर गांव में एक जमीन खरीदी है, जिसपर निर्माण कार्य कराने से रोकने और खरीदी गई जमीन को छोड़ने के लिए धमकी दी जा रही है।

डॉक्टर दंपत्ति के अनुसार उन्हें धमकी देने वाले आरोपियों ने कहा है कि वे यह जमीन छोड़कर गोरखपुर लौट जाएं। आरोपियों ने यह भी था कहा है कि वे यह जमीन विधायक ओसामा शहाब के पक्ष में छोड़ दे नहीं, तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। इतना ही नहीं जमीन पर निर्माण कार्य में लगे मजदूरों के साथ भी मारपीट की गई है।

ये भी पढ़ें- रहम के मूड में नहीं CM सम्राट! लालू परिवार को 15 दिनों में राबड़ी आवास खाली करने का मिला नोटिस