नितिन नामदेव, रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के तिरंगा फहराने की तस्वीर से कथित तौर पर छेड़छाड़ कर उसे सोशल मीडिया पर शेयर करने के मामले में कांग्रेस नेता अरुण साहू के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद छत्तीसगढ़ में सियासत गरमा गई है। मामले को लेकर भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने इसे बदले की भावना से की गई राजनीतिक कार्रवाई बताया है। वहीं डिप्टी सीएम अरुण साव ने कांग्रेस पर फर्जी फोटो और वीडियो एडिट कर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

बदले की भावना से कार्रवाई कर रही बीजेपी- दीपक बैज

PCC चीफ दीपक बैज ने कांग्रेस नेता के खिलाफ FIR को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा बदले की भावना से राजनीतिक कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा है तो मुख्यमंत्री तो 15 से 20 सलामी दे रहे हैं। मंत्री OP चौधरी सलामी देने के बजाय पैदल चल रहे हैं। CM और ओपी चौधरी पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। बदले की भावना से बीजेपी काम कर रही है।

वंदे मातरम पर बयान

वंदे मातरम को लेकर बीजेपी के सोनिया गांधी पर बयान पर दीपक बैज ने कहा कि बीजेपी के नेता वंदे मातरम का पाठ पढ़ा रहे हैं और सोनिया गांधी के बारे में अनर्गल बातें कर रहे हैं। कांग्रेस ने ही वंदे मातरम गा-गा कर अंग्रेजों से देश को मुक्त किया। तब यही लोग अंग्रेजों के साथ खड़े थे। बीजेपी यह बताए कि कितने समय से ये लोग वंदे मातरम गा रहे हैं?

पीएम के दिमागी नक्सली वाले बयान पर पलटवार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘दिमागी नक्सली’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए दीपक बैज ने कहा कि देश के युवा दिमागी नक्सली नहीं हैं, बल्कि वे देश का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि अपने हक की लड़ाई लड़ने वाले युवाओं को प्रधानमंत्री ने दिमागी नक्सली कहा है। हमारे युवा पढ़े-लिखे और शिक्षित हैं। जो सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है, तो इसका मतलब यह नहीं कि वह दिमागी नक्सली है। भाजपा और पीएम मोदी को युवाओं से माफी मांगनी चाहिए।

लाखों क्विंटल धान बारिश में हो रहे खराब- बैज

PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि हर साल करोड़ों रुपये का धान बिकने से पहले ही खराब हो जाता है। सरकार खराब धान को छुपाने के लिए चूहा खा गया कहती है। आज भी लाखों क्विंटल धान बारिश में खराब हो रहा है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से यही तस्वीर निकलकर सामने आ रही है। इसको लेकर कांग्रेस धान संग्रहण केंद्रों में जाएगी। हमने अपने जिला अध्यक्षों को निर्देश दे दिए हैं।

फोटो एडिट कर भ्रम फैलाती है कांग्रेस- अरुण साव

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की तस्वीर से छेड़छाड़ करने के आरोप में कांग्रेस नेता के खिलाफ FIR को लेकर डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस का काम एडिटेड वीडियो बनाना है। कांग्रेस फोटो बनाकर वायरल करती है। कांग्रेस की हरकतें सामने आती रहती हैं। PSC के नतीजों को लेकर भी कांग्रेस ने अफवाह फैलाई है। कांग्रेस फर्जी काम करती है और वीडियो एडिट करके जनता के बीच भ्रम फैलाती है।

अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस वातावरण खराब करने की कोशिश करती है, जनता सब जानती है। फर्जी काम करने वालों के खिलाफ FIR भी होगी। कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।

कांग्रेस के संगठनात्मक विवाद पर साव ने साधा निशाना

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी में शिकवा-शिकायत चलती रहती है। एक परिवार की पूरी पार्टी है। कांग्रेस पार्टी समाप्ति की ओर है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बूथ संगठनों की जमीनी हकीकत देखने के लिए AICC की मॉनिटरिंग को लेकर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक परिवार की पार्टी है। वह किसकी मॉनिटरिंग करेंगे? परिवारवादी पार्टी में जो परिवार तय करता है, वही होता है।

अरुण साव ने कहा कि पहले बड़े परिवार की समीक्षा करनी पड़ेगी कि उन्होंने ऐसा क्या किया है कि पार्टी में इतने बड़े-बड़े पदों पर हैं। कांग्रेस का कुछ होना नहीं है। एक परिवार जो चाहेगा, वही होगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H