पाकिस्तान में पेट्रोल पंपों की हड़ताल का एलान पाकिस्तान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने मंगलवार को घोषणा करते हुए कहा है कि 15 अगस्त से देशभर के पेट्रोल पंप बंद रहेंगे. पाकिस्तान में पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने 8% मार्जिन समेत मांगें नहीं माने जाने पर सरकार को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया. डीलरों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगें नहीं मान लेती, तब तक वे अपना विरोध जारी रखेंगे.
पाकिस्तान में पेट्रोल पंप चलाने वाले डीलरों और सरकार के बीच विवाद बढ़ गया है. डीलर्स ने साफ किया है कि सरकार उनकी मांगें नहीं मानती है तो आंदोलन जारी रहेगा.
पाकिस्तान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के चेयरमैन मलिक खुदा बख्श ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में पेट्रोल पंप बंद करने के फैसले की जानकारी दी. कहा कि 15 अगस्त को सुबह 6 बजे से पूरे पाकिस्तान में पेट्रोल पंप अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे. उनके मुताबिक, एसोसिएशन के 14 हजार से ज्यादा सदस्य अब कार्रवाई के लिए दबाव बना रहे हैं.
देशभर के डीलरों की उच्चस्तरीय बैठक के उपरांत एसोसिएशन ने पेट्रोल-डीजल की खुदरा बिक्री पर अपना मार्जिन बढ़ाकर 8 प्रतिशत करने की आधिकारिक मांग रखी है. डीलरों का कहना है कि अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है. इसी वजह से उन्होंने सरकार को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया है.
डीलरों की सबसे बड़ी शिकायत पाकिस्तान की डेली प्राइस मैकेनिज्म व्यवस्था को लेकर है. इस व्यवस्था में पेट्रोल की कीमतों में बार-बार बदलाव होता है.
पीपीडीए के चेयरमैन ने बताया कि गत 7 अगस्त को उन्होंने देश के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक से मुलाकात कर डीलरों की गंभीर समस्याओं से अवगत कराया था. पाकिस्तान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के चेयरमैन मलिक खुदा बख्श ने कहा कि पाकिस्तान में मौजूदा मुद्रास्फीति और आर्थिक संकट के बीच पेट्रोल पंपों का संचालन करना असंभव हो गया है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


