बेगूसराय। केदारनाथ दर्शन कर लौट रही 29 वर्षीय प्रज्ञा सिंह, जो 5 मई की रात नंदा देवी एक्सप्रेस से अचानक गायब हो गई थीं, पांच दिन बाद बिहार के बेगूसराय में सुरक्षित मिल गई हैं। हरिद्वार की लक्सर पुलिस उन्हें बरामद कर उत्तराखंड ले आई है, जहां उनसे पूछताछ जारी है। इस सुखद अंत के साथ ही पिछले पांच दिनों से चल रहा हाई-वोल्टेज ड्रामा और परिवार की बेचैनी अब खत्म हो गई है।
नाराजगी के कारण खुद छोड़ा था साथ
देहरादून ग्रामीण के एसपी शेखर चंद्र सुयाल के अनुसार, प्रज्ञा ने बुधवार शाम एक नए नंबर से अपने परिजनों को फोन किया था। पुलिस ने तुरंत लोकेशन ट्रेस की, जो बिहार के बेगूसराय की निकली। प्रारंभिक पूछताछ में प्रज्ञा ने बताया कि वह किसी बात से नाराज थीं और अपनी मर्जी से ट्रेन से उतरकर चली गई थीं। उन्होंने किसी भी तीसरे व्यक्ति की संलिप्तता या अपहरण जैसी बात से साफ इनकार किया है। पुलिस अब उनका विस्तृत बयान दर्ज कर रही है।
क्या था पूरा घटनाक्रम?
प्रज्ञा और उनके पति मनीष अग्रहरि की शादी ढाई महीने पहले ही हुई थी। कपल केदारनाथ यात्रा से लौट रहा था। 5 मई की रात दोनों नंदा देवी एक्सप्रेस में सवार होकर देहरादून से गाजियाबाद जा रहे थे। हरिद्वार तक सब सामान्य था, लेकिन रात करीब 1 बजे जब ट्रेन मुजफ्फरनगर के पास थी और मनीष की नींद खुली, तो प्रज्ञा अपनी सीट पर नहीं थीं। काफी तलाश के बाद भी जब वह नहीं मिलीं, तो मनीष ने मुजफ्फरनगर स्टेशन पर उतरकर पुलिस को सूचना दी।
जांच में आई थीं बड़ी चुनौतियां
इस केस ने पुलिस और परिवार को काफी छकाया। सबसे बड़ी बाधा रेलवे स्टेशनों के खराब बुनियादी ढांचे ने खड़ी की। परिजनों का आरोप है कि मुजफ्फरनगर और रुड़की स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे बंद थे, जिससे यह पता लगाना नामुमकिन हो गया था कि प्रज्ञा ट्रेन से कब और कहां उतरीं। पुलिस ने कई किलोमीटर तक रेलवे ट्रैक पर पैदल चलकर भी सर्च ऑपरेशन चलाया था।
नया मोड़ और बरामदगी
मोबाइल लोकेशन लक्सर के पास मिलने के बाद पुलिस ने सर्विलांस का जाल बिछाया था। प्रज्ञा का फोन लगातार बंद रहने के कारण मामला ‘ब्लाइंड केस’ बनता जा रहा था, लेकिन उनके द्वारा नए नंबर से किए गए एक कॉल ने सारा रहस्य खोल दिया। प्रज्ञा के भाई विभूम ने बताया कि उनकी बहन फिलहाल स्वस्थ है और पुलिस की कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद ही परिवार उनसे विस्तृत चर्चा कर पाएगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

