Prashant Kishor: बिहार एमएलसी चुनाव को लेकर जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर से विधायक लगातार अपने प्रत्याशियों के समर्थन में घूम-घूमकर प्रचार करते हुए नजर आ रहे हैं। इस बीच आज गुरुवार (8, अक्टूबर) को राजधानी पटना में मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने चुनाव को लेकर कई सारी बाते कहीं। प्रशांत किशोर ने कहा कि, मैं लोगों को ये याद दिलाना चाहता हूं कि हम लोगों की सरकार नहीं है, ना हम विपक्ष में हैं, ना हमारा कोई विधायक था फिर भी 1 करोड़ से ज्यादा बिहार के बुजुर्गों को 400 के बजाय 1100 पेंशन मिल रहा है, आज भी मिल रहा है क्योंकि जन सुराज ने वो मुद्दा उठाया है, प्रशांत किशोर ने वो मुद्दा उठाया है।

प्रशांत किशोर ने कहा कि, आपके जरिए शिक्षकों को ये आश्वस्त कर रहा हूं कि अगर लोकसभा चुनाव से पहले सातवां वेतनमान नहीं दिला पाए, तो लोकसभा में आपसे वोट मांगने नहीं आएंगे। अंतिम बार किसी ने कहा कि सत्तारूढ़ दल भी यही कर रहा है, तो भाई वो ये वादा कर दें शिक्षकों से कि अगर वो अगले साल सातवां वेतनमान आपको प्रशांत किशोर, जनसुराज दिला कर रहेंगे…अगर लोकसभा चुनाव से पहले सातवां वेतनमान नहीं दिला पाए, तो लोकसभा में आपसे वोट मांगने नहीं आएंगे।

प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि, मुद्दा जो शिक्षकों के लिए जरूरी है, वो उठना चाहिए। मैंने उठाया, किसी दूसरे ने उठाया, ये महत्त्व का विषय नहीं है। कि ये मुद्दा सेंट्रल मुद्दा हो, इस पर वोट हो और वोट से भी ज्यादा इसका समाधान निकाला जाए। हम लोग बार-बार कह रहे हैं, कि कोई व्यक्ति, कोई विधायक, कोई विधान पार्षद सातवां वेतनमान नहीं दिला सकता है। शिक्षक अगर एकजुट हो जाएं, तो सारे बिहार के दलों को हर हालत में इसका समाधान निकालना पड़ेगा।

प्रशांत किशोर ने कहा कि, ये समाधान लोकसभा चुनाव से पहले-पहले इसलिए जरूरी है कि जिसको भी दिल्ली में राज करना है, उसको बिहार में लोकसभा चुनाव जीतना है और अगर 6 लाख शिक्षकों का समर्थन उसको न हो, तो बिहार जीत नहीं सकता है… आप सभी शिक्षक साथियों को तय करना है कि उनको किस पर भरोसा है, जो लोग सत्ता में बैठे हैं, पिछले 20 साल से NDA के लोग जिन्होंने नहीं दिया है और आज चुनाव के समय में कह रहे हैं दे देंगे।

बांकीपुर उपचुनाव में मिली जीत से उत्साहित जन सुराज ने भी सभी 8 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। जन सुराज ने बिहार एमएलसी चुनाव के लिए पटना स्नातक से डॉ. अनुज सिंह, तिरहुत स्नातक से डॉ विमोहन और तिरहुत शिक्षक से श्यामनंद यादव को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, दरभंगा शिक्षक सीट से एसपी राय, दरभंगा स्नातक सीट से रवींद्र यादव और सारण शिक्षक सीट से अफाक अहमद को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, पटना शिक्षक सीट से दिव्या ज्योति और कोसी स्नातक से रजनीश रंजन को उम्मीदवार बनाया है।

ये भी पढ़ें- ‘परिवार में लोकतंत्र नहीं, चले हैं संविधान बचाने’, तेजस्वी के लोकभवन मार्च पर अजय आलोक ने कसा तंज