कुंदन कुमार, पटना। बिहार एमएलसी चुनाव के लिए बिहटा पहुंचे प्रशांत किशोर ने सीएम सम्राट चौधरी के उस बयान पर बड़ा बयान दिया है, जिसमें उन्होंने यह कहा था कि ‘प्रभु श्री राम इंतजार कर रहे थे कि मोदी जी घर कब दोगे’। पीके ने कहा कि, राम जी अपने घर के लिए 400 साल से इंतजार कर रहे थे, मोदी जी ने घर दिया तो राम जी को घर मिला, ये अहंकार नहीं तो क्या है? जो भगवान हैं, मर्यादा पुरुषोत्तम हैं, जीवन-मरण सब उनके हाथ में है, उनको भी भाजपा वाले मोदी जी से घर दिलवा रहे हैं। जनता को घर, 5 किलो अनाज, शिक्षा, रोजगार नहीं दे पा रहे, भगवान का घर बनवाएंगे? ये अहंकार की पराकाष्ठा है, इस अहंकार पर अंकुश लगाने के लिए NDA को हराइए।
राहुल को सुप्रीम फटकार पर कही ये बात
इस दौरान प्रशांत किशोर ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा राहुल गांधी को लगाई गई फटकार पर भी दिया बड़ा बयान दिया। पीके ने कहा कि, लोकतंत्र है, जब जनता को लगेगा कि उनके साथ गलती हो रही है, तो लोग सड़क पर उतरेंगे, हम सुप्रीम कोर्ट गए थे कि बिहार में चुनाव आयोग धांधली कर रहा है, बिहार में 10 हजार रुपये में वोट खरीदा जा रहा है। वहां हस्तक्षेप नहीं करेंगे, लेकिन सड़क पर 10 हजार लोग प्रदर्शन कर रहे हैं, तो हस्तक्षेप कर रहे हैं। प्रशांत किशोर ने कहा कि, जिस चीफ जस्टिस ने जन सुराज और बिहार के लोगों की याचिका खारिज की थी, उन्हीं के मुंह से कॉकरोच शब्द निकला, आप देखिए ये कितना बड़ा संकट बन गया है।
सीएम सम्राट चौधरी का बयान
दरअसल सीएम सम्राट चौधरी ने बीते मंगलवार को पटना के पटना के ज्ञान भवन में भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ रंगोली कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा था कि, जब मोदी जी करीब पांच करोड़ गरीबों को पक्के मकान उपलब्ध करा रहे थे, तब प्रभु श्रीराम भी 400 साल से टेंट में इंतजार कर रहे थे कि ‘मोदी जी, हमको घर कब दोगे।’ सीएम सम्राट के इस बयान को बीजेपी नेताओं के अहंकार और प्रभु श्रीराम के अपमान से जोड़कर देखा जा रहा है।
सरकार पर अंकुश लगाने का चुनाव- पीके
वहीं, अपने एक अन्य बयान में प्रशांत किशोर ने MLC चुनाव की तैयारियों पर भी बड़ा बयान दिया। पीके ने कहा कि, MLC चुनाव सरकार बनाने या हटाने का नहीं, उस पर अंकुश लगाने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि, कोसी में NK Yadav हारते हैं, तो भाजपा से जुड़े विधायक-सांसद से लेकर दिल्ली तक के नेता सोचेंगे कि लोग भाजपा से विमुख क्यों हो रहे हैं? इससे जवाबदेही बढ़ेगी और लोकतंत्र मजबूत होगा।
सभी 8 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जन सुराज
बांकीपुर उपचुनाव में मिली जीत से उत्साहित जन सुराज ने भी सभी 8 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। जन सुराज ने बिहार एमएलसी चुनाव के लिए पटना स्नातक से डॉ. अनुज सिंह, तिरहुत स्नातक से डॉ विमोहन और तिरहुत शिक्षक से श्यामनंद यादव को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, दरभंगा शिक्षक सीट से एसपी राय, दरभंगा स्नातक सीट से रवींद्र यादव और सारण शिक्षक सीट से अफाक अहमद को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, पटना शिक्षक सीट से दिव्या ज्योति और कोसी स्नातक से रजनीश रंजन को उम्मीदवार बनाया है।
ये भी पढ़ें- सासाराम के अस्पताल में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत, गुस्साए परिजनों ने किया हंगामा

