कुंदन कुमार, पटना। जन सुराज के सूत्रधार और बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर ने जमुई-समस्तीपुर की घटना को लेकर सीएम सम्राट चौधरी पर जमकर निशाना साधा है। पीके ने कहा कि, जिस राज्य का मुखिया अनपढ़ और अपराधी होगा, वहां कानून-व्यवस्था की परिकल्पना बेवकूफी है। जदयू-भाजपा की खींचतान में DGP तक तय नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि, अभी तो यह शुरुआत है, आगे हालात और बदतर होंगे।
मंत्री अशोक चौधरी को दिया यह चैलेंज
वहीं, अशोक चौधरी के ‘छोटी-मोटी घटना’ वाले बयान पर प्रशांत किशोर ने मंत्री को चैलेंज करते हुए कहा कि, जापान-अमेरिका में ऐसी घटना का कोई वीडियो निकालकर दिखा दीजिए? यह प्रशासन और व्यवस्था की गलती है। घटना पर दुख व्यक्त करने और गंभीर कार्रवाई करने के बजाय उसका मजाक उड़ाया जा रहा है। पीके ने तंज लहजे में कहा कि, अगर आपके-हमारे घर की बेटियों के साथ ऐसा होगा तो क्या आप इसे छिटपुट घटना कहेंगे।
मंत्री अशोक चौधरी का पूरा बयान
दरअसल कल गुरुवार को जब मीडिया ने मंत्री अशोक चौधरी से जमुई-समस्तीपुर कांड को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि, बिहार 14 करोड़ का आबादी वाला प्रदेश है, जहां दुष्ट, अनपढ़, जाहिल, गवार और देहाती लोगों की कमी नहीं है। बिहार को बदनाम करने में उनकी भूमिका है। नीतीश कुमार ने सुशासन की व्यवस्था स्थापित की है और इस पर पहला सम्राट चौधरी कर रहे हैं।
अशोक चौधरी ने आगे कहा था कि, घटना कहां नहीं होती है। घटना तो अमेरिका में भी होती है, जापान में भी होती है। क्या अमेरिका में घटना नहीं हो रही है? अमेरिका हमसे बहुत ज्यादा विकसित देश है। वहां भी घटना होती है। सरकार किसी भी अपराधी को बचाना नहीं चाहती है। घटनाएं अगर होगी तो कानून का पूरा बुलडोजर चलेगा। नीतीश कुमार के द्वारा स्थापित परंपरा है। इस परंपरा को हम लोग कायम रखेंगे।
ये भी पढ़ें- SIR पर गरमाई बिहार की सियासत, RJD ने सहरसा-जहानाबाद और सासाराम में फूंका ज्ञानेश कुमार का पुतला


