कुंदन कुमार/अविनाश श्रीवास्तव/ विकास कुमार: एसआईआर और दोनों चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की आपत्ति व असहमति की रिपोर्ट वाली खबर सामने आने के बाद से पूरा विपक्ष चुनाव आयोग पर हमलावर है। इस बीच आज प्रदेश भर में राजद और कांग्रेस द्वारा जगह-जगह विरोध प्रदर्शन और ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका जा रहा है।

जहानाबाद में ज्ञानेश कुमार का फूंका पुतला

जहानाबाद में राजद के कार्यकर्ताओं ने आज जिले के अंबेडकर चौक पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। इस दौरान जहानाबाद विधायक राहुल कुमार, राजद जिला अध्यक्ष सहित कई लोग मौजूद रहे। इन लोगों ने भारत के चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर कई गंभीर आरोप लगाए। इनका कहना है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने अपने दो सहयोगियों को दरकिनार कर जिस तरह से पूरे देश में चुनाव कराया। इससे चुनाव आयोग की पोल खुल गई है। जिसके खिलाफ वे लोग आंदोलन कर रहे हैं। हरियाणा, पश्चिम बंगाल बिहार आदि प्रदेशों में एकतरफा परिणाम के लिए ज्ञानेश कुमार पूरी तरह से दोषी है। उन्होंने लोकतंत्र का मजाक उड़ाया है। ऐसे में मुख्य चुनाव आयुक्त का वे लोग जहानाबाद के अंबेडकर चौक पर पुतला फूंक रहे हैं।

सहरसा में भी देखने को मिला आक्रोश

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सहरसा में भी राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं का आक्रोश देखने को मिला। सहरसा में भी राजद कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। यह प्रदर्शन बिहार सहित अन्य राज्यों में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण, चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता से जुड़े गंभीर सवालों के विरोध में आयोजित किया गया। इस अवसर पर राजद नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि SIR की प्रक्रिया को लेकर मतदाताओं के अधिकार, मतदाता सूची की विश्वसनीयता और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की संवैधानिक भावना को लेकर गंभीर चिंताएं उत्पन्न हुई हैं। हाल में निर्वाचन आयोग के दो चुनाव आयुक्तों द्वारा विभिन्न निर्णयों पर आपत्तियां दर्ज किए जाने संबंधी रिपोर्टों ने भी चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सार्वजनिक बहस को तेज किया है।

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग करते हुए उनके विरुद्ध लगाए जा रहे आरोपों की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच तथा, यदि प्रथमदृष्टया अपराध बनता हो, तो FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।राजद ने यह भी मांग उठाई कि बिहार और पश्चिम बंगाल सहित जिन राज्यों के चुनावों की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं, वहां की चुनावी प्रक्रिया से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र, पारदर्शी और विश्वसनीय जांच कराई जाए तथा आवश्यक होने पर संवैधानिक एवं कानूनी प्रावधानों के तहत उचित निर्णय लिया जाए। हालही में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने भी बिहार और पश्चिम बंगाल के चुनावों को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए पुनः चुनाव की मांग सार्वजनिक रूप से रखी है।

सासाराम में भी दहन किया पुतला

रोहतास के सासाराम में भी राजद कार्यकर्ताओं ने पोस्ट ऑफिस चौराहा पर ज्ञानेश कुमार पुतला दहन का अपना विरोध जताया। इस दौरान बिहार सरकार के पूर्व मंत्री रह चुके अनीता देवी, पूर्व विधायक विजय कुमार मंडल सहित कई नेता मौजूद रहे। इन लोगों ने भारत के चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर कई गंभीर आरोप लगाये तथा इन लोगों का कहना है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने अपने दो सहयोगियों को दरकिनार कर जिस तरह से पूरे देश में चुनाव कराया। इससे चुनाव आयोग की पोल खुल गई है। जिसके खिलाफ वे लोग आंदोलन कर रहे हैं।

राजद कार्यकर्ताओं का कहना है कि हरियाणा, पश्चिम बंगाल बिहार आदि प्रदेशों में एकतरफा परिणाम के लिए ज्ञानेश कुमार पूरी तरह से दोषी है। उन्होंने लोकतंत्र का मजाक उड़ाया है। ऐसे में मुख्य चुनाव आयुक्त का वे लोग सासाराम के पोस्ट ऑफिस चौराहा पर पुतला फूंक रहे हैं। जिलाध्यक्ष रामचंद्र ठाकुर ने इस कार्यक्रम का नेतृत्व किया।

ये भी पढ़ें- ‘सम्राट चौधरी को चूड़िंया पहन लेनी चाहिए’, जानें मुख्यमंत्री के लिए किसने कही ये बात?