रायपुर। राजधानी रायपुर के राजकुमार कॉलेज के कक्षा 10वीं के छात्र प्रवीर सिंह ने राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा के जूनियर एवं सब-जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया है। माना (रायपुर) स्थित शूटिंग रेंज में आयोजित इस प्रतियोगिता में उन्होंने बेहतरीन निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।


प्रवीर सिंह की यह उपलब्धि उनके लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम है। इससे पहले भी वे इंदौर के प्रतिष्ठित डेली कॉलेज में आयोजित ऑल इंडिया इंटर पब्लिक स्कूल शूटिंग प्रतियोगिता में राजकुमार कॉलेज का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में भी उन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया था।
अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखाएंगे जलवा
उनकी प्रतिभा और निरंतर बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए अब उनका चयन आईसीएसई राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में आयोजित होगी, जिसमें वे राजकुमार कॉलेज का प्रतिनिधित्व करेंगे। इससे विद्यालय और प्रदेश को उनसे उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीदें हैं।
डिप्टी सीएम अरुण साव ने दी बधाई
प्रवीर सिंह की इस सफलता पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि “माना, रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय 10 मीटर एयर राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में प्रवीण सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सब यूथ टीम एवं जूनियर टीम वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत का परिणाम है। इस शानदार सफलता के लिए उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं।”
प्रवीर सिंह बचपन से ही निशानेबाजी के प्रति समर्पित रहे हैं। कम उम्र में ही उन्होंने विभिन्न जिला, राज्य और अंतर-विद्यालय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अनेक पदक और सम्मान अर्जित किए हैं। उनकी सफलता के पीछे नियमित अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रवीर सिंह प्रतिष्ठित राजनीतिक एवं विधिक परिवार से भी संबंध रखते हैं। वे पूर्व भाजपा विधायक भूपेन्द्र सिंह ठाकुर के पोते तथा छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के अतिरिक्त महाधिवक्ता (Additional Advocate General) के सुपुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, सहपाठियों और परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सभी ने विश्वास जताया कि वे आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राजकुमार कॉलेज, छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन करेंगे।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


