कर्नाटक की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आ रहा है। सूत्रों के अनुसार, डीके शिवकुमार राज्य में डिप्टी मुख्यमंत्री पद बनाए जाने के पक्ष में नहीं हैं। ऐसे में नई सरकार में डिप्टी सीएम का पद नहीं रखने की संभावना जताई जा रही है। पार्टी आलाकमान ने डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया दोनों से संभावित मंत्रिमंडल के लिए नामों की सूची मांगी है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को मंत्रिमंडल में शामिल होने के दावेदार कई वरिष्ठ नेता दिल्ली पहुंच सकते हैं। वहीं, सिद्धारमैया के भी सोमवार को राजधानी आने की संभावना है, जहां कैबिनेट गठन और संगठन से जुड़े मुद्दों पर अंतिम चर्चा हो सकती है।
राज्यसभा सीटों को लेकर भी मंथन
कांग्रेस में राज्यसभा उम्मीदवारों के नामों पर भी विचार-विमर्श जारी है। सूत्रों के अनुसार, आंध्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वाई.एस. शर्मिला का नाम प्रमुख दावेदारों में शामिल है। बताया जा रहा है कि पार्टी में शामिल होने के समय उन्हें राज्यसभा भेजने का आश्वासन दिया गया था। इसके अलावा मल्लिकार्जुन खरगे का नाम भी चर्चा में है, जबकि तीसरी सीट के लिए बी.वी. श्रीनिवास को संभावित उम्मीदवार माना जा रहा है।
पवन खेड़ा, कमलनाथ और नीरज डांगी के नाम भी चर्चा में
झारखंड से पवन खेड़ा को राज्यसभा भेजे जाने की संभावनाओं पर भी चर्चा चल रही है। वहीं, मध्य प्रदेश से कमलनाथ और राजस्थान से नीरज डांगी की वापसी को लेकर भी राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हैं।
कैबिनेट में बड़े बदलाव के संकेत
नई सरकार के गठन के साथ मंत्रिमंडल में व्यापक फेरबदल की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, पिछली कैबिनेट के दो दर्जन से अधिक मंत्रियों को बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है। 3 जून को 9 से 14 मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है, जबकि मंत्रिमंडल का शेष विस्तार राज्यसभा चुनावों के बाद किया जा सकता है।
3 जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे डीके शिवकुमार
कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन के तहत डीके शिवकुमार 3 जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं। उन्हें कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) का नेता चुना जा चुका है, जिससे उनके मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है।
सीएलपी की बैठक से पहले डीके शिवकुमार ने अपने गुरु अज्जय्या की तस्वीर को नमन कर उनका आशीर्वाद लिया था, जिसकी राजनीतिक और सामाजिक हलकों में काफी चर्चा हुई। कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन के बाद सिद्धारमैया मुख्यमंत्री पद से हट चुके हैं और अब राज्य की कमान डीके शिवकुमार के हाथों में जाने जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

