कुंदन कुमार/पटना। राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (आरएलजेपी) के नेता और पूर्व सांसद प्रिंस पासवान ने पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अपने दिवंगत ताऊ (बड़े पापा) को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने उनकी जयंती के मौके पर उन्हें याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।

​बांकीपुर उपचुनाव पर बड़ा ऐलान

मीडिया से बातचीत के दौरान प्रिंस पासवान ने आगामी बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति साफ कर दी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनकी पार्टी इस उपचुनाव में पूरी मजबूती के साथ अपना उम्मीदवार उतारेगी। उनके इस बयान से बांकीपुर के राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है और माना जा रहा है कि एनडीए गठबंधन के भीतर सीटों के समीकरण को लेकर नई चर्चा शुरू हो सकती है।

​भरत तिवारी एनकाउंटर पर न्यायिक जांच की मांग

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रिंस पासवान ने कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और ऐसा नहीं होना चाहिए था। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस पूरे मामले की न्यायिक जांच चल रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
​वहीं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के उस बयान पर जिसमें उन्होंने कहा था कि पुलिस पर गोली चलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा प्रिंस पासवान ने सावधानी बरतते हुए अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि मांझी जी का बयान अपनी जगह सही है कि पुलिस पर हमला करने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए। हालांकि प्रिंस पासवान ने सवाल खड़ा किया कि क्या भरत तिवारी ने वास्तव में पुलिस पर गोली चलाई थी? उन्होंने कहा यह जांच का विषय है कि उस दिन वास्तव में क्या हुआ था और पुलिस की कार्रवाई किन परिस्थितियों में हुई। हम जांच के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं दूध का दूध और पानी का पानी सामने आ जाएगा।
​प्रिंस पासवान ने यह भी कहा कि कानून अपना काम कर रहा है और उनकी पार्टी पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना रखती है। साथ ही उन्होंने न्यायपालिका पर पूर्ण विश्वास जताते हुए कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी के आधार पर आगे का रुख तय किया जाएगा। यह बयान स्पष्ट करता है कि आरएलजेपी इस संवेदनशील मुद्दे पर बेहद संतुलित रुख अपनाना चाहती है।