दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष का विरोध प्रदर्शन जारी है. कांग्रेस जंतर-मंतर पर धरना देने के लिए पहुंची तो प्रियंका गांधी का अनोखा विरोध देखने को मिला. इंडिया ब्लॉक के सांसद लंच के बहाने दिल्ली में जमा हुए. इसके बाद राहुल गांधी ने जंतर-मंतर पर धरना देने का ऐलान किया और इसी के साथ सभी विपक्षी सांसद बसों में सवार होकर जंतर-मंतर की ओर रवाना हो गए. कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने पुलिस की बर्बरता का आरोप लगाया है. प्रियंका गांधी ने सड़क पर लेटकर विरोध जताया.

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष रुकने के मूड में नहीं है. कल दिनभर धरने के बाद आज इंडिया ब्लॉक के सांसद लंच के बहाने दिल्ली में जमा हुए.

दिल्ली में आज ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी सांसद जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने को लेकर राहुल-प्रियंका सहित कांग्रेसी सांसद बस में बैठ कर वहां के लिए रवाना हुए. हालांकि राहुल गांधी समेत विपक्षी सांसदों को पुलिस ने जंतर-मंतर जाने की इजाजत नहीं दी और रास्ता ब्लॉक कर दिया, जिसके बाद राहुल समेत तमाम विपक्षी नेता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए.

इंडिया गठबंधन के सांसदों के प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात किए गए हैं. चारों तरफ बैरिकेड्स लगा दिए गए हैं.

इसी बीच प्रियंका गांधी का अनोखा विरोध देखने को मिला. प्रियंका गांधी सड़क पर ही लेट गईं और कहा कि मैं यहां से हटने वाली नहीं हूं. इस दौरान उन्होंने पुलिस पर बर्बरता का आरोप लगाया. वहीं, दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हिरासत में ले लिया और राहुल को जबरदस्ती बस में बिठाया गया. हालांकि, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बस की हवा निकाल दी जिससे कि राहुल गांधी को वहां से हटाया नहीं जा सके.

दिल्ली पुलिस ने 7 अक्टूबर 2026 को राहुल गांधी को आंदोलन करने पर हिरासत में ले लिया. इससे पहले 6 अक्टूबर को भी राहुल और प्रियंका गांधी को हिरासत में लिया था. पिछले 24 घंटे के अंदर राहुल गांधी अबतक दो बार हिरासत में लिए गए. आकाशवाणी भवन में बिना अनुमति घुसने के आरोप में दोनों पर FIR भी दर्ज की गई. इस पर राहुल ने कहा, ‘मेरे खिलाफ 45 FIR हैं, मेरा टारगेट 100 केस का है. 

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी कहा, ‘हम डरने वाले नहीं हैं. EC के खिलाफ हम प्रदर्शन करते रहेंगे. अपनी बात पूरे देश में पहुंचाएंगे. लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश हो रही है’.