गयाजी। दशहरा, दिवाली और छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने बड़ी राहत दी है। रेलवे ने दो जोड़ी विशेष पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। ये ट्रेनें आनंद विहार से भागलपुर और योगनगरी ऋषिकेश से कोलकाता के बीच संचालित होंगी। इन दोनों गाड़ियों का ठहराव गयाजी जंक्शन पर रखा गया है, जिससे बिहार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को आवाजाही के लिए सीधा विकल्प मिलेगा।
आनंद विहार-भागलपुर पूजा स्पेशल (डेली सर्विस)
आनंद विहार से भागलपुर के बीच चलने वाली गाड़ी संख्या 04062 पूजा स्पेशल 25 नवंबर तक रोजाना दोपहर 12:00 बजे आनंद विहार से रवाना होगी। अगले दिन तड़के 3:00 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (DDU) और सुबह 6:30 बजे गयाजी जंक्शन पहुंचेगी। इसके बाद नवादा, किउल, जमालपुर और सुल्तानगंज होते हुए दोपहर 1:30 बजे भागलपुर पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 04061 भागलपुर-आनंद विहार स्पेशल 26 नवंबर तक हर दिन शाम 4:30 बजे भागलपुर से खुलेगी। यह किउल और नवादा होते हुए अगले दिन रात 8:00 बजे आनंद विहार पहुंचेगी।
योगनगरी ऋषिकेश-कोलकाता पूजा स्पेशल (साप्ताहिक)
ऋषिकेश से कोलकाता के बीच गाड़ी संख्या 04312 स्पेशल 16 अक्टूबर से 20 नवंबर तक हर शुक्रवार रात 10:20 बजे योगनगरी ऋषिकेश से रवाना होगी। शनिवार रात 8:50 बजे यह गयाजी जंक्शन पहुंचेगी और फिर कोडरमा, गोमो व धनबाद के रास्ते रविवार सुबह 8:00 बजे कोलकाता पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 04311 कोलकाता-योगनगरी ऋषिकेश स्पेशल 18 अक्टूबर से 22 नवंबर तक प्रत्येक रविवार दोपहर 1:55 बजे कोलकाता से खुलकर सोमवार रात 11:30 बजे ऋषिकेश पहुंचेगी।
भीड़ से मिलेगी राहत, कन्फर्म टिकट की उम्मीद बढ़ी
त्योहारों के मौसम में दिल्ली-बिहार-झारखंड-बंगाल रूट पर यात्रियों का दबाव बहुत बढ़ जाता है। इन स्पेशल ट्रेनों के शुरू होने से नियमित ट्रेनों में ओवरक्रोउडिंग कम होगी और यात्रियों के लिए कन्फर्म सीट मिलने की संभावना काफी बढ़ जाएगी।

