रूसी राष्ट्रपति पुतिन 12 से 13 सितंबर तक दिल्ली में आयोजित होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत आएंगे. क्रेमलिन ने पुष्टि कर दी है कि राष्ट्रपति पुतिन दो दिनों के लिए भारत जाएंगे. भारत में ब्रिक्स सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को आयोजित होगा. बता दें कि एक साल के भीतर पुतिन का यह दूसरा भारत दौरा होगा. इससे पहले पुतिन पिछले साल दिसंबर में 23वें India-Russia Annual Summit में हिस्सा लेने के लिए भारत आए थे. इस महीने की शुरुआत में, रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए भारत आए थे.
दिसंबर 2025 में भी भारत आए थे पुतिन
भारत ने इस साल 13 जनवरी 2026 को ब्रिक्स समूह की अध्यक्षता संभाली थी. 14 जनवरी के आसपास भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इस समिट से जुड़े आधिकारिक थीम, लोगो और वेबसाइट का शुभारंभ किया था. इससे पहले पुतिन दिसंबर 2025 में दो दिवसीय दौरे पर भारत पहुंचे थे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में शामिल हुए.
पिछले शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों नेताओं ने रक्षा, ऊर्जा, व्यापार और वैश्विक भू-राजनीतिक पर चर्चा की थी. भारत और रूस के बीच जारी उच्च-स्तरीय संपर्कों को इस यात्रा से और मजबूती मिलने की उम्मीद है. पुतिन की यह यात्रा रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के हालिया भारत दौरे के कुछ ही दिनों बाद हो रही है.
बदलते परिवेश में भारत के लिए रूस अहम क्यों है
अभी बदलते परिवेश में भारत के लिए रूस से संबंध विदेश नीति के लिए काफी अहम है. खासतौर पर पिछले कई दशकों से दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग और ऊर्जा संबंध काफी करीबी रहे हैं. पिछले कुछ अरसे में भारत और अमेरिका के संबंध काफी चर्चा में रहे हैं. इसके बावजूद, भारत अभी भी अपने पुराने दोस्त देश रूस को अपनी दीर्घकालीन रणनीतिक हितों की सुरक्षा में अहम सहयोगी मानता है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

