मनेंद्र पटेल, दुर्ग। भिलाई के सिविक सेंटर स्थित यूनियन बैंक में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब इलेक्ट्रिक पैनल में एक विशालकाय अजगर छिपा मिला। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे की है।

पढ़िए पूरी खबर

दरअसल, अजगर बैंक के इलेक्ट्रिक पैनल पर लगभग दो दिनों से छुपकर बैठा था। पैनल के अंदर से अजगर की पूंछ बाहर लटकती दिखाई दी, तब स्नेक कैचर और रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई। अजगर दिखाई देने के बाद बैंक का काम रोक दिया गया। बैंक में लेन-देन और दूसरे कामों के लिए पहुंचे ग्राहकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। काफी देर तक बैंक का काम शुरू नहीं हो सका।

स्नेक कैचर ने किया रेस्क्यू

कर्मचारियों ने तुरंत भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के इलेक्ट्रिकल विभाग के हेड ऑफिस में फोन कर इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद इलेक्ट्रिकल विभाग से कर्मचारी मौके पर पहुंचे। सबसे पहले बिजली की सप्लाई बंद की गई। इसके बाद कर्मचारियों ने सावधानी से अजगर को पैनल से बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद स्नेक कैचर राजेश राव ने 4 फिट लंबे अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किया।

वीडियो हुआ सोशल मीडिया पर वायरल

अचानक इलेक्ट्रिक पैनल के अंदर मिलने से बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों में डर का माहौल बन गया था। बिजली का पैनल होने के कारण रेस्क्यू के दौरान भी खास सावधानी बरती गई, ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो। बैंक में अजगर निकलने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m