Bihar News: जदयू की ओर से आज शुक्रवार (18, सितंबर) को सभी विधायकों और एमएलसी की एक बड़ी एवं महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई थी। पार्टी की इस बैठक में वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, राज्यसभा सांसद रामनाथ ठाकुर, मोकामा से बाहुबली विधायक अनंत सिंह समेत कुछ और विधायक नहीं पहुंचे थे, जिसे लेकर अब सियासत तेज हो गई है। बैठक में खासकर ललन सिंह के नहीं पहुंचने को लेकर पार्टी के ही विधायक और नेता सवाल उठाने लगे हैं।
पार्टी के लिए यह संदेश ठीक नहीं- अजीत कुमार
बैठक के बाद पूर्व मंत्री और मौजूदा विधायक अजीत कुमार ने कहा कि, कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और कई विधायक शामिल नहीं हुए। उन्होंने कहा कि, मेरा मानना है कि ललन सिंह को इस कार्यक्रम में किसी हालत में होना चाहिए था। बैठक में उनका और रामनाथ ठाकुर का नहीं होना, पार्टी के लिए यह संदेश ठीक नहीं है। हालांकि अजीत कुमार ने यह भी कहा कि, लेकिन पार्टी में सब कुछ ठीक है।
संजय झा बोले- सांसदों को नहीं बुलाया गया
वहीं, बैठक के समाप्त होने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद संजय झा ने कहा कि, पार्टी के विधायक और विधान पार्षद का यह ट्रेनिंग प्रोग्राम था। उन्होंने कहा कि, दो-चार लोगों को छोड़कर सभी विधायक और एमएलसी आए थे। जो लोग भी नहीं आए। वह किसी काम से बाहर होंगे या कोई बीमार होगा। इस बात को ज्यादा तूल देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि, इस बैठक में सांसदों को नहीं बुलाया गया था। वहीं, अनंत सिंह के बयान को लेकर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कोई भी प्रतिक्रिया नहीं दी और वहां से चले गए।
विधायकों और एमएलसी को मिला विशेष ट्रेनिंग
दरअसल जदयू ने अपने जनप्रतिनिधियों की सदन में कार्यप्रणाली को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने के लिए आज बैठक बुलाई थी। बैठक में एक-दो को छोड़कर पार्टी के लगभग सभी विधायक और एमएलसी पहुंचे, जहां उन्हें बाहर से आए संसदीय कार्यप्रणाली के विशेषज्ञों द्वारा सदन की जटिल प्रक्रियाओं, सरकार से तीखे और सटीक सवाल पूछने, जवाब देने के तौर-तरीकों के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही सदन में अपने-अपने क्षेत्रों के महत्वपूर्ण मुद्दों को विधानसभा या विधान परिषद में पूरी प्रभावशीलता के साथ उठाने का भी प्रशिक्षण दिया गया है।
ये भी पढ़ें- शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने किया ‘मोदी युग का भारत’ पुस्तक का लोकार्पण, जानें कौन है लेखक?



