सुशीला देवी, गुरुग्राम। सड़क पर दिन-रात ड्यूटी निभाने वाले यातायात पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए MOC Cancer Care द्वारा ट्रैफिक टावर में ओरल कैंसर स्क्रीनिंग एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस विशेष स्वास्थ्य अभियान में सहायक पुलिस आयुक्त यातायात मुख्यालय/हाईवे सत्यपाल यादव सहित बड़ी संख्या में यातायात पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
शिविर में 80 से अधिक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लेकर ओरल कैंसर स्क्रीनिंग, मौखिक स्वास्थ्य परीक्षण, सामान्य स्वास्थ्य जांच तथा विशेषज्ञों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त किया। MOC Cancer Care के डॉ. हिमांशु कुमावत और उनकी टीम ने कर्मचारियों को गुटखा, खैनी, पान मसाला और अन्य तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य खतरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
डॉक्टरों ने बताया कि ओरल कैंसर की समय रहते पहचान और नियमित जांच से इसके सफल उपचार की संभावना काफी बढ़ जाती है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से तंबाकू से दूरी बनाने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
यातायात पुलिसकर्मी प्रतिदिन धूल, प्रदूषण और कठिन परिस्थितियों के बीच अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी और जागरूकता बेहद जरूरी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए इस प्रकार के जागरूकता एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।

