रविंद्र भारद्वाज, रायबरेली. डलमऊ क्षेत्र के सुरसना भरसना गांव की एक विधवा महिला ने पुलिस की लगातार अनसुनी से तंग आकर रायबरेली पुलिस अधीक्षक कार्यालय के गेट पर जमीन पर लेटकर जोरदार न्याय की मांग की. महिला ने अपने देवर पर शादी का झांसा देकर लगातार यौन शोषण करने और अब दूसरी शादी करने जा रहे होने का गंभीर आरोप लगाया है. महिला ने बताया कि लगभग 5 वर्ष पहले उसके पति की मौत हो गई थी. पति की मौत के बाद देवर ने उसे शादी का लालच देकर घर में पत्नी की तरह रखा और लगातार यौन शोषण करता रहा. महिला का कहना है कि देवर ने उसे धोखे में रखा और अब वह दूसरी शादी करने जा रहा है.

इस पूरे मामले की शिकायत महिला कई बार संबंधित थाने में कर चुकी है. उसने पुलिस अधीक्षक सहित उच्च अधिकारियों को भी लिखित शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस की ओर से कोई जांच-पड़ताल नहीं की गई और न ही आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई हुई. तंग आकर महिला न्याय पाने के लिए एसपी कार्यालय पहुंची.

इसे भी पढ़ें : मौत का कुंआ! 80 फीट गहरे कुएं में गिरी 6 साल की बच्ची, ढाई घंटे चले रेस्क्यू के बाद बाहर निकाला गया शव

एसपी कार्यालय गेट पर ड्रामा

महिला की शिकायत पर जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो उसने एसपी कार्यालय के मुख्य गेट पर जमीन पर लेटकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. वह जोर-जोर से चीख-चीखकर न्याय की मांग करने लगी. महिला का कहना था कि पुलिस मेरी सुन नहीं रही है, मेरे साथ अन्याय हो रहा है, मुझे न्याय चाहिए. महिला के इस अचानक प्रदर्शन से एसपी कार्यालय में हलचल मच गई. तैनात महिला पुलिसकर्मियों ने किसी तरह उसे शांत किया और समझा-बुझाकर महिला थाना प्रभारी के हवाले कर दिया. पुलिस ने महिला की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू करने का आश्वासन दिया है. महिला को थाना प्रभारी के पास भेजा गया है, जहां उसकी तहरीर दर्ज कर कार्रवाई का आस्वासन दिया है.