उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर संसद को गुमराह करने तथा युवाओं और छात्रों के मुद्दों पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने झारखंड में छात्रों के कथित लाठीचार्ज और वाटर कैनन के इस्तेमाल को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा।

लखनऊ. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि संसद का सत्र चल रहा है और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों समेत विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार हैं. इसके बावजूद राहुल गांधी पिछले 15 दिनों से संसद को गुमराह करने का काम कर रहे हैं.

ब्रजेश पाठक ने कहा, “राहुल गांधी देश में झूठ और अराजकता के पोस्टर बॉय बनकर उभरे हैं. राहुल गांधी भागना मत, गृह मंत्री हर सवाल का जवाब देंगे.” उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू भी स्पष्ट कर चुके हैं कि सरकार हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष चर्चा से बचने का प्रयास कर रहा है.

NEET पर सवाल

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी कभी शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हैं तो कभी NEET के मुद्दे पर चर्चा की बात करते हैं. उन्होंने सवाल किया कि अब राहुल गांधी को इन मुद्दों से क्या मतलब रह गया है.

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस युवाओं और छात्रों के मुद्दों पर राजनीति कर रही है और भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है. पाठक ने कहा कि भाजपा देश के युवाओं और छात्रों के साथ खड़ी है.

यह भी पढ़ें: केशव मौर्य ने फूंका 2027 का बिगुल, बोले- विपक्ष की हर चाल फेल, यूपी में फिर खिलेगा कमल

कांग्रेस हाशिये पर जा चुकी है और अब उसे लगता है कि राजनीतिक भ्रम फैलाकर वह दोबारा सत्ता हासिल कर सकती है. उन्होंने कहा कि देश का युवा कांग्रेस के इस दोहरे चरित्र को समझ चुका है.

झारखंड प्रदर्शन पर हमला

ब्रजेश पाठक ने झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जंतर-मंतर के मुद्दे पर लगातार बोल रहे हैं, लेकिन झारखंड में छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और वाटर कैनन के इस्तेमाल को लेकर चुप हैं.

उन्होंने सवाल किया कि यदि छात्रों के साथ वहां गलत हो रहा है तो राहुल गांधी उस पर क्यों नहीं बोलते और सरकार से इस्तीफे की मांग क्यों नहीं करते? उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का रवैया दोहरा है और वह मुद्दों को राजनीतिक सुविधा के हिसाब से उठाती है.

यह भी पढ़ें: शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए गुड न्यूज! अर्हता विवाद पर लखनऊ में मंथन, जानें क्या जल्द आएगा नया विज्ञापन?

रांची की घटना पर प्रतिक्रिया

पाठक ने कहा कि रांची की सड़कों पर छात्रों के साथ जो कुछ हुआ, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इसकी निंदा होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि भाजपा झारखंड के छात्रों के साथ खड़ी है और कथित बर्बर लाठीचार्ज की निंदा करती है.

उन्होंने आरोप लगाया कि देश में जो अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास हो रहा है, उसके पीछे राहुल गांधी की राजनीति है. पाठक ने कहा, “राहुल गांधी को जंतर-मंतर की आवाज सुनाई देती है, लेकिन झारखंड के छात्रों की आवाज सुनाई नहीं देती.”

उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना रह गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस युवाओं को भ्रमित कर राजनीतिक लाभ हासिल करना चाहती है.

प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह और मुख्य प्रवक्ता दिनेश सिंह भी उपस्थित रहे.