प्रयागराज. कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे के दौरान शनिवार को सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए. आनंद भवन और स्वराज भवन के पास राहुल गांधी के काफिले के सामने कुछ लोग पहुंच गए और काले व भगवा झंडे लहराकर विरोध प्रदर्शन किया. अचानक काफिले के सामने लोगों के पहुंचने से कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

काफिले के सामने पहुंचे लोग, सुरक्षा कर्मी हुए सक्रिय

राहुल गांधी शनिवार को प्रयागराज में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब उनका काफिला शहर के रास्ते से गुजर रहा था, तभी आनंद भवन और स्वराज भवन के आसपास मौजूद कुछ लोग अचानक सड़क के करीब आ गए. इन लोगों ने काले और भगवा झंडे दिखाते हुए राहुल गांधी का विरोध किया. काफिले के सामने लोगों के पहुंचते ही सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी और सुरक्षाकर्मी तुरंत हरकत में आए. उन्होंने प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया और राहुल गांधी के काफिले को सुरक्षित आगे रवाना कराया.

इसे भी पढ़ें- UP में फिर बरसेगा मानसूनः 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 4 इंच तक पानी गिरने की चेतावनी

सुरक्षा चूक पर उठे सवाल

राहुल गांधी के दौरे को देखते हुए प्रयागराज में पहले से ही सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. निर्धारित मार्ग पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई थी. इसके बावजूद कुछ लोगों का काफिले के सामने तक पहुंच जाना सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर रहा है. हालांकि, पुलिस ने तत्काल स्थिति को संभाल लिया और कोई बड़ा व्यवधान नहीं हुआ.

झंडे दिखाने वालों की पहचान अभी साफ नहीं

घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि राहुल गांधी के काफिले के सामने पहुंचकर विरोध करने वाले लोग कौन थे? मौके पर मौजूद लोगों ने अलग-अलग दावे किए, लेकिन अभी तक पुलिस या प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों की पहचान और किसी संगठन से जुड़े होने की पुष्टि नहीं की गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. आधिकारिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि प्रदर्शनकारी किस संगठन से जुड़े थे और वे सुरक्षा घेरे तक कैसे पहुंचे.

राहुल के दौरे से पहले गर्म था राजनीतिक माहौल

बता दें कि राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे को लेकर पहले से ही राजनीतिक माहौल गरम था. उनके छात्र संवाद कार्यक्रम से पहले शहर में उनके खिलाफ लगाए गए होर्डिंग्स भी चर्चा में रहे थे. इसके अलावा तमाम बीजेपी नेताओं ने भी इस कार्यक्रम पर तंज कसे थे. शनिवार को राहुल गांधी ने केपी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों से संवाद किया. इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र और समर्थक पहुंचे थे.

इसे भी पढ़ें- घर पर आई मौतः युवक बिस्तर में ले रहा था नींद, महिला बच्ची को करा रही थी स्तनपान, हुआ कुछ ऐसा कि चली गई जान

वहीं, आनंद भवन और स्वराज भवन के पास झंडे दिखाने की घटना ने राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ा दी है. अब पुलिस की जांच के बाद ही यह साफ होगा कि यह विरोध किस संगठन की ओर से किया गया था और सुरक्षा में हुई चूक के लिए जिम्मेदारी किसकी तय होगी.