लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय है. मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तूफान का अलर्ट जारी किया है. रविवार 9 अगस्त को यूपी के करीब 11 जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में कुछ इलाकों में 4 इंच तक बारिश हो सकती है.

प्रयागराज से सहारनपुर तक भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, सहारनपुर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में भारी बारिश की संभावना जताई है. इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है.

इसे भी पढ़ें- घर पर आई मौतः युवक बिस्तर में ले रहा था नींद, महिला बच्ची को करा रही थी स्तनपान, हुआ कुछ ऐसा कि चली गई जान

चक्रवाती सिस्टम से बदलेगा मौसम का मिजाज

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 8 अगस्त से पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण कम दबाव का क्षेत्र विकसित हुआ है. इसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 4 से 5 दिनों तक प्रदेश में मानसून सक्रिय रहेगा. इस दौरान कई जिलों में भारी बारिश की स्थिति बन सकती है.

10 अगस्त से फिर तेज होगी बारिश

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 10 अगस्त को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, सहारनपुर, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में भारी बारिश का खतरा बना रहेगा. इसके बाद 11 और 12 अगस्त को आगरा, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

इसे भी पढ़ें- “मुझे बस पाकिस्तान जाने दो…” बीकानेर में मिली संदिग्ध महिला, ATS ने 2 घंटे में खंगाल डाली पूरी जन्मपत्री!

बारिश के बावजूद उमस से राहत नहीं

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बादल छाए रहने के बावजूद कई इलाकों में उमस बनी रह सकती है. हालांकि सोमवार से बारिश का दौर दोबारा तेज होने की संभावना है, जो 12 अगस्त तक जारी रह सकता है. मानसून के सक्रिय होने से जहां किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं प्रशासन ने जलभराव और खराब मौसम को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं.