लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को खराब मौसम के कारण ऑडियो संदेश के माध्यम से अल्मोड़ा में जनता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की विदेश नीति, कृषि, शिक्षा और आर्थिक नीतियों पर जमकर निशाना साधा।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी सरकार ने देश की विदेश नीति पर स्वतंत्र निर्णय लेने की क्षमता कमजोर कर दी है और भारत पर अमेरिका का दबाव बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने अमेरिका के सामने पूरी तरह सरेंडर कर दिया है। हमारे देश की विदेश नीति को अमेरिका कंट्रोल कर रहा है।

राहुल ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने देश की आर्थिक व्यवस्था को तबाह कर दिया है। अमेरिका भारत को दबाव में ले रहा है। वह तय कर रहा है कि भारत को किस देश से तेल खरीदना चाहिए और किससे नहीं। उन्होंने कहा कि केंद्र की वर्तमान नीतियों के कारण देश की शिक्षा व्यवस्था और कृषि क्षेत्र गहरे संकट में हैं।

हिंदुस्तान का किसान तबाह हो जाएगा

राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने देश के कृषि क्षेत्र को अमेरिका के लिए खोल दिया। देश के इतिहास में ऐसा पहली बार किया गया। अब अमेरिका के किसान- जो हाई टेक्नॉलजी इस्तेमाल कर खेती करते हैं, वो भारत में अपना सामान बेच पाएंगे, जिससे हमारे किसानों को बहुत नुकसान होगा। मोदी सरकार के इस कदम से हिंदुस्तान का किसान तबाह हो जाएगा।

जीएसटी पर सवाल

जीएसटी का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि गलत तरीके से लागू की गई इस टैक्स व्यवस्था के कारण देश के छोटे-छोटे कारोबार बंद हो गए। इसके चलते रोजगार खत्म हो गए और पूरा व्यापार कुछ बड़े उद्योगपतियों के हाथों में सिमट कर रह गया है।

अग्निवीर योजना की आलोचना

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मोदी सरकार सेनाओं में अग्निवीर लेकर आई, जिसमें 4 साल सेवा देने की बात कही गई, लेकिन अगर अग्निवीर शहीद होगा तो देश उनके परिवार को सुरक्षा नहीं देगा। ये सेनाओं की नींव के खिलाफ है और हम इस सिस्टम के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि देश के करोड़ों युवा सेना में जाते हैं और जाने का सपना देखते हैं, जिसके लिए वो कड़ी मेहनत करते हैं। इसलिए हम चाहते हैं कि उनकी, उनके परिवारों की रक्षा की जाए। नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि देश का डिफेंस बजट सेना और सैनिकों की रक्षा में न जाकर, सीधे अडानी जैसे अरबपतियों की जेब में जाए। यही कारण है कि अग्निवीर जैसा सिस्टम लाया गया।

ऑपरेशन सिंदूर और ट्रंप के बयान का जिक्र

राहुल गांधी ने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उन बयानों का हवाला दिया, जिनमें उन्होंने भारत-पाकिस्तान संघर्ष विराम में अपनी भूमिका का दावा किया था। राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार से जवाबदेही की मांग करते हुए सवाल उठाए।

अपने संबोधन के दौरान राहुल गांधी ने कहा, हमारी फ़ौज ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान से लड़ी। इस बारे में डोनाल्ड ट्रंप ने कई बार खुलकर कहा है कि मैंने नरेंद्र मोदी को फोन कर युद्ध बंद करने को कहा था। इसके जवाब में नरेंद्र मोदी ने उससे कहा- Yes Sir .. और फिर युद्ध रुक गया। अब सवाल है- अगर ये सेनाओं के साथ धोखा नहीं तो फिर क्या है?

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m