देहरादून. धूप की तपिश और उमस झेल रहे उत्तराखंडवासियों के लिए राहत भरी खबर है. आज से प्रदेशवासियों को इस गर्मी से राहत मिलने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक आज उत्तराखंड के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. 28 और 29 जून को उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में कहीं-कहीं पर गर्जन के साथ आकाशीय बिजली भी चमक सकती है. वहीं तेज बारिश होने के साथ ही 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है. इसे लेकर विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक 30 जून को कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिले में 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं एक जुलाई की बात की जाए तो नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून और बागेश्वर में कहीं-कहीं पर भारी बारिश हो सकती है.
इसे भी पढ़ें : केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाएं बंद, आगामी मानसून के चलते DGCA ने नहीं दी संचालन की अनुमति
क्या करें?
- मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी ताजा अपडेट पर नजर रखें.
- खराब मौसम के दौरान घर के अंदर सुरक्षित स्थान पर रहें.
- मोबाइल फोन चार्ज रखें और आवश्यक आपातकालीन नंबर अपने पास रखें.
- किसानों को फसल, सब्जियों और बागवानी फसलों को यथासंभव ढककर सुरक्षित रखना चाहिए.
- पशुओं को खुले मैदान की बजाय सुरक्षित शेड में रखें.
- वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें.
क्या न करें?
- गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पहाड़ी चोटियों, नदी-नालों और जलाशयों के पास न जाएं.
- पेड़ों, बिजली के खंभों, टावरों या टिन शेड के नीचे शरण न लें.
- बिजली कड़कने के समय मोबाइल चार्जिंग, विद्युत उपकरणों और तार वाले फोन का उपयोग न करें.
- तेज हवाओं के दौरान कमजोर या जर्जर भवनों के पास खड़े न हों.
- अनावश्यक यात्रा से बचें, विशेषकर पहाड़ी और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में.
यदि बिजली चमक रही हो तो
- तुरंत किसी पक्के भवन या वाहन में शरण लें.
- खुले क्षेत्र में फंस जाने पर जमीन पर पूरी तरह न लेटें, पैरों को पास रखकर नीचे झुक जाएं.
- धातु की वस्तुओं, छाते और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें.

