गोहाना। लगातार हो रही बारिश ने हरियाणा के गोहाना क्षेत्र के गांव महमूदपुर में एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मंगलवार देर रात पुराने मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे कमरे में सो रही जेठानी और देवरानी मलबे में दब गईं। बुधवार तड़के दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान 55 वर्षीय बिमला और 53 वर्षीय सुनील के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में जेठानी और देवरानी थीं। परिजनों के मुताबिक मंगलवार रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद दोनों अपने कमरे में सोने चली गई थीं। देर रात अचानक जर्जर मकान की छत उनके ऊपर गिर गई।

सुबह बहू ने देखा मलबा, मचा हड़कंप

बुधवार सुबह करीब चार बजे जब बहू मोनिका कमरे की ओर गई तो वहां मलबा बिखरा देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी। सभी ने मिलकर करीब तीन फुट मिट्टी का मलबा हटाया और दोनों महिलाओं को बाहर निकाला।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही चली गई जान

गंभीर हालत में दोनों महिलाओं को तत्काल महिला मेडिकल कॉलेज, खानपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कमजोर छत और दीमक बने हादसे की वजह

ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार मकान काफी पुराना था। उसकी छत कमजोर हो चुकी थी और उसे सहारा देने वाले लकड़ी के शहतीरों में दीमक लग गई थी। लगातार हो रही बारिश के कारण छत अचानक भरभराकर गिर गई।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।