रायपुर। राजधानी रायपुर में मानवता की सेवा और रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशाल रक्तदान महाअभियान का आयोजन किया जा रहा है। रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मोपॉलिटन, रोटरी क्लब ऑफ कॉस्मो दिवास, रोटरी क्लब ऑफ रायपुर इन्फिनिटी एवं इनर व्हील क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मोपॉलिटन द्वारा “ब्लड डोनेशन कार्निवल 2026” का आयोजन 5 जुलाई 2026 (रविवार) को शंकर नगर स्थित विमतारा हॉल में किया जाएगा। इस आयोजन में NEWS 24 और लल्लूराम डॉट कॉम मीडिया पार्टनर के रूप में शामिल हैं, जो इस अभियान को व्यापक स्तर पर पहुँचाने में सहयोग करेंगे।

बता दें कि यह रक्तदान अभियान थैलेसीमिया से पीड़ित मरीजों एवं जीवन रक्षक हृदय सर्जरी से गुजर रहे बच्चों की सहायता के लिए समर्पित है। यह ब्लड डोनेशन इवेंट एक कार्निवल थीम पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें लाइव सिंगिंग, टैरो कार्ड रीडर और कई अन्य मनोरंजक गतिविधियाँ भी शामिल रहेंगी।

सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा आयोजन

यह मेगा रक्तदान शिविर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगा। आयोजकों के अनुसार इस कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य 500 यूनिट से अधिक रक्त संग्रह करना है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

समाज सेवा और जागरूकता पर रहेगा फोकस

आयोजकों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल रक्त संग्रह करना ही नहीं, बल्कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना भी है। क्लब का कहना है कि “रक्तदान जीवनदान है” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह आयोजन एक महत्वपूर्ण कदम है।

हर सदस्य से 5 रक्तदाताओं को जोड़ने की अपील

रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मोपॉलिटन ने अपने सभी सदस्यों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। क्लब ने प्रत्येक सदस्य से कम से कम पांच रक्तदाताओं को साथ लाने का आग्रह किया है, ताकि अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सके।

15 मिनट का रक्तदान बचा सकता है जीवन

आयोजकों का कहना है कि मात्र 15 मिनट का रक्तदान किसी गंभीर मरीज के लिए जीवन रक्षक साबित हो सकता है। इसी संदेश के साथ यह अभियान लोगों को मानवता की सेवा के लिए प्रेरित करेगा।

कई संस्थाओं का सहयोग, फ्री हेल्थ चेकअप का भी आयोजन

गौरतलब है कि इस आयोजन में विभिन्न सामाजिक और स्वास्थ्य संस्थाएं भी सहयोगी के रूप में जुड़ रही हैं। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में प्रतिभागियों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाएगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H