शिवम मिश्रा, रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। दुबई से ऑनलाइन नसीब बुक संचालित करने वाले फरार सटोरिए सोनू फतनानी के भाई राहुल फतनानी समेत कुल तीन आरोपियों को पुलिस ने तिल्दा से गिरफ्तार किया है। आरोपी राहुल फतनानी पर सट्टे के करोड़ों रुपये के लेन-देन को मैनेज करने का आरोप है।

narayana

जानकारी के मुताबिक रायपुर क्राइम ब्रांच की टीम ने लंबे समय से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी हुई थी। जांच में सामने आया कि राहुल फतनानी अपने भाई सोनू फतनानी के ऑनलाइन सट्टा कारोबार का हिसाब-किताब संभालता था और रकम के लेन-देन में अहम भूमिका निभाता था। पुलिस ने आरोपी को तिल्दा क्षेत्र से हिरासत में लिया।

बताया जा रहा है कि वार्ड क्रमांक 5 तिल्दा में राहुल फतनानी का आलीशान बंगला निर्माणाधीन है। पुलिस को शक है कि सट्टे से कमाई गई रकम को संपत्तियों में लगाया जा रहा था। मामले की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का पूर्व में गिरफ्तार सटोरिए बब्बन लालवानी से गहरा संबंध रहा है।

सूत्रों के अनुसार राहुल फतनानी पहले भी विवादों में रह चुका है। बताया जा रहा है कि एक बार सट्टे में बड़ी रकम हारने के बाद उसने कथित तौर पर अपने ही घर में मिट्टी तेल डालकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। हालांकि उस दौरान उसे बचा लिया गया था।

क्राइम ब्रांच की कार्रवाई में राहुल फतनानी समेत कुल तीन सटोरियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 9 लाख रुपये नकद और करोड़ों रुपये के हिसाब-किताब से भरे मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

इधर, ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का मुख्य संचालक सोनू फतनानी अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। माना जा रहा है कि मामले में कई और बड़े नाम सामने आ सकते हैं। रायपुर पुलिस जल्द ही पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा कर सकती है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H