शिवम मिश्रा, रायपुर। राजधानी रायपुर के शंकर नगर इलाके में स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स में लाखों रुपये की चोरी के मामले में एक बड़ा और गंभीर मोड़ सामने आया है। चोरी के मामले में नाम सामने आने के बाद एक नाबालिग आरोपी ने पुलिस की कार्रवाई के दौरान कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग को पहले ही हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

narayana

पुलिस पहुंची तो घर के अंदर खुद को किया बंद

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम जब आरोपी के घर जांच और पूछताछ के लिए पहुंची, उसी समय नाबालिग घर के अंदर मौजूद था। पुलिस को घर के बाहर देखकर वह घबरा गया और तुरंत अपने कमरे में चला गया।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और कुछ ही समय बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जैसे ही घटना की जानकारी सामने आई, इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई।

वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही DCP मयंक गुर्जर समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाके को घेर लिया गया और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई। बताया जा रहा है कि नाबालिग मृतक के विरुद्ध पूर्व में चोरी, चाकूबाजी, मारपीट समेत आधा दर्जन अपराध दर्ज हैं।

पुलिस कर रही है विस्तृत जांच

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर घटनाक्रम किस तरह से हुआ। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या आरोपी पर किसी तरह का दबाव था या घटना के पीछे अन्य कोई कारण भी जुड़ा हुआ है।

पुलिस ने मामले को संवेदनशील मानते हुए आगे की जांच तेज कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।

इलाके में तनाव और चर्चा का माहौल

घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और चर्चा का माहौल है। लोग इस घटना को लेकर अलग-अलग सवाल उठा रहे हैं, जबकि पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों की जांच कर रही है।

जानिए पूरा मामला

पुलिस के मुताबिक प्रार्थी वंश कुमार मुरपानी ने थाना खम्हारडीह में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह लोधीपारा रोड शंकर नगर स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स नाम से दुकान संचालित करता है। 9 मई की रात दुकान बंद कर घर जाने के बाद 11 मई की सुबह जब दुकान खोलने गए तो शटर के दोनों ताले टूटे मिले और अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात, सिक्के और बिस्किट गायब थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने स्वयं घटना स्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद 40 सदस्यीय विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 300 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले और 50 से ज्यादा पुराने चोरी एवं नकबजनी के आरोपियों की तस्दीक की। तकनीकी विश्लेषण और लगातार निगरानी के बाद पुलिस ने घटना के 10 घंटे के भीतर एक नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया।

लक्ष्य ज्वेलर्स शॉप में चोरी का खुलासा : 40 सदस्यीय विशेष पुलिस टीम ने 10 घंटे के भीतर नाबालिग आरोपी को पकड़ा, अन्य साथियों की तलाश जारी

अन्य ज्वेलरी दुकानों में कर चुका है चोरी

पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। साथ ही उसने थाना मंदिर हसौद क्षेत्र के हर्ष ज्वेलर्स में चोरी और अभनपुर क्षेत्र के ज्वेलर्स दुकान में चोरी के प्रयास की बात भी कबूल की है। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अन्य बड़ी चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है। मामले में थाना खम्हारडीह में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें