शिवम मिश्रा/सत्या राजपूत, रायपुर। राजधानी रायपुर में गणेश विसर्जन झांकी 2026 शुरू हो चुकी है। शारदा चौक से झांकियों का कारवां निकल रहा है और जयस्तंभ चौक पर गणेश झांकियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। झांकी देखने के लिए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है। बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ झांकी देखने पहुंचे हैं। वहीं पड़ोसी राज्यों से भी लोग गणेश झांकी देखने राजधानी पहुंचे हुए हैं।

इस बार करीब 60 से अधिक झांकियां विसर्जन झांकी में शामिल हो रही हैं, जिन्हें नंबर दिए जाएंगे। झांकियों के साथ लोगों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। झांकी को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है और ड्रोन के माध्यम से पूरे झांकी रूट पर निगरानी रखी जा रही है। बता दें कि रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट लागू होने के बाद यह पहली गणेश विसर्जन झांकी है।


तीन लेयर में सुरक्षा, 20 क्राइम ब्रांच टीमें तैनात
झांकी के दौरान सुरक्षा के लिए तीन लेयर में सिक्योरिटी प्लान तैयार किया गया है। करीब 2 हजार पुलिस जवान ड्यूटी पर तैनात हैं। ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए ट्रैफिक पुलिस की भी तैनाती की गई है। झांकी रूट पर कई वॉच टावर बनाए गए हैं और ड्रोन से वीडियो रिकॉर्डिंग के जरिए निगरानी की जा रही है।किसी भी आपराधिक गतिविधि के दौरान तत्काल कार्रवाई के लिए एसीसीयू क्राइम ब्रांच की 20 टीमें भी तैनात हैं।
6 जोन और 30 सेक्टर में बांटा गया झांकी रूट
झांकी रूट को 6 सुरक्षा जोन में बांटा गया है, जिसमें 30 सेक्टर बनाए गए हैं। हर जोन में डीसीपी के नेतृत्व में एडिशनल डीसीपी अधिकारी प्रभारी के रूप में ड्यूटी संभाल रहे हैं। वहीं प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी भी पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई है। झांकी शारदा चौक से शुरू होकर जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकाली तालाब रोड से पुरानी बस्ती, लाखेनगर और सुंदरनगर होते हुए रायपुरा महादेवघाट की ओर जाएगी।
सदरबाजार में धीमी आवाज में बजेगा साउंड सिस्टम
सदर बाजार के 10 जर्जर मकानों को नगर निगम ने नोटिस देकर सील किया है। इन मकानों की छत पर लोगों के चढ़ने पर रोक रहेगी और इसके लिए पुलिस की तैनाती की गई है। सदर बाजार में साउंड सिस्टम धीमी आवाज में बजाया जा रहा है। शोर का स्तर मापने के लिए मशीन भी लगाई गई है। 50 डेसिबल से अधिक साउंड पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
इन जगहों पर है वाहनों की पार्किंग व्यवस्था
झांकी देखने पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग क्षेत्रों के अनुसार पार्किंग की व्यवस्था की गई है। तेलीबांधा, पंडरी और राजातालाब क्षेत्र से आने वाले लोग अपने वाहन शहीद स्मारक भवन के पास पार्क कर सकते हैं।
कटोरा तालाब और टिकरापारा क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए गांधी मैदान के पास पार्किंग की व्यवस्था है। मठपारा और पुरानी बस्ती क्षेत्र के श्रद्धालु इंडोर स्टेडियम के पास वाहन पार्क कर सकते हैं। वहीं विवेकानंद आश्रम, लाखेनगर, समता कॉलोनी और चौबे कॉलोनी क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ईदगाह भाठा मैदान और नवीन मार्केट में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


