शिवम मिश्रा रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने अंतर्राज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बैकवर्ड लिंक (Backward Link) पर जांच के आधार पर चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, प्रतिबंधित टैबलेट, कोडिन सिरप, पेंटाजोसीन इंजेक्शन, सिरिंज और नकदी समेत करीब 10.70 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है। इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और लगभग 16.15 लाख रुपये की नशीली सामग्री जब्त की जा चुकी है।
वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में हुई संयुक्त कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य) उमेश प्रसाद गुप्ता के संयुक्त मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई बैकवर्ड लिंक पर जांच करते हुए की गई, जिससे अंतर्राज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ।
पहले पकड़े गए तस्कर से मिला अहम सुराग
जानकारी के मुताबिक, बीते 30 जून को थाना गंज क्षेत्र स्थित राजपूताना होटल के सामने पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी अभिषेक कुमार (उम्र 19 साल) को 10.710 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से गांजा और मोबाइल फोन सहित लगभग 5.45 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया था। उसके खिलाफ थाना गंज में अपराध क्रमांक 201/2026 के तहत नारकोटिक एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में अभिषेक ने खुलासा किया कि वह गांजा ओडिशा से लेकर मेरठ जा रहा था। उसने सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े लोगों की महत्वपूर्ण जानकारी भी पुलिस को दी।
बैकवर्ड लिंक जांच से चार और आरोपी गिरफ्तार
अभिषेक से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने नेटवर्क की बैकवर्ड लिंक पर जांच शुरू की। निगरानी के दौरान सूचना मिली कि नेटवर्क से जुड़े आरोपी फिर से रायपुर आने वाले हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने ट्रैप लगाकर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई—

किशोर साहू (उम्र 37 साल), निवासी खरियार रोड, ओडिशा
अजय विश्वकर्मा (उम्र 19 साल), निवासी महासमुंद
शुभम साहू उर्फ बऊ (उम्र 25 साल), निवासी महासमुंद
प्रिंस प्रजापति (उम्र 21 साल), निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश
10.70 लाख रुपये की नशीली सामग्री जब्त
चारों आरोपियों के बैग की तलाशी लेने पर पुलिस ने बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थ और दवाइयां बरामद कीं। जब्त सामग्री में शामिल हैं—
3 किलोग्राम गांजा
2,000 नाइट्रोटेन टैबलेट
30 कोडिन सिरप
290 पेंटाजोसीन इंजेक्शन
300 सिरिंज
3,100 रुपये नकद
जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 10.70 लाख रुपये आंकी गई है।

पहले भी 20 साल की सजा पा चुका मुख्य आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी किशोर साहू के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। महासमुंद जिले के थाना खल्लारी में दर्ज प्रकरण में अदालत उसे 20 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुना चुकी है। वर्तमान में वह हाईकोर्ट से जमानत पर बाहर था, लेकिन जमानत के दौरान ही दोबारा नशा तस्करी में सक्रिय पाया गया।
पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी अंतर्राज्यीय स्तर पर नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े हैं। अब यह पता लगाया जा रहा है कि प्रतिबंधित दवाइयों और गांजे की सप्लाई किन राज्यों से हो रही थी और इन्हें किन क्षेत्रों में पहुंचाया जाना था।
थाना गंज में दर्ज अपराध क्रमांक 201/2026 में नारकोटिक एक्ट की अन्य धाराएं भी जोड़ी जा रही हैं। पुलिस का कहना है कि नेटवर्क से जुड़े सप्लायर, रिसीवर और अन्य सदस्यों की पहचान कर उनके खिलाफ एंड-टू-एंड कार्रवाई की जाएगी।
अब तक की कार्रवाई एक नजर में
5 आरोपी गिरफ्तार
13.710 किलोग्राम गांजा बरामद
2,000 प्रतिबंधित नाइट्रोटेन टैबलेट जब्त
30 कोडिन सिरप बरामद
290 पेंटाजोसीन इंजेक्शन जब्त
300 सिरिंज बरामद
कुल लगभग 16.15 लाख रुपये का मशरूका जब्त
अंतर्राज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क की जांच जारी
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

