Rajasthan News:राजस्थान के श्रीगंगानगर में गुरुवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सत्ताधारी दल बीजेपी के विधायक जयदीप बिहानी पर उनके ही कार्यालय में हमला हो गया। मामला पानी की किल्लत से जुड़ा था, लेकिन बात इतनी बढ़ गई कि सरकारी अधिकारी ने विधायक पर हाथ छोड़ दिया। विधायक की आंख के नीचे गंभीर चोट आई है और इस घटना के बाद पूरे जिले के बीजेपी कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

पानी की किल्लत पर बुलाई थी बैठक
श्रीगंगानगर के करनपुर रोड और पुरानी आबादी जैसे इलाकों में पिछले एक हफ्ते से बूंद-बूंद पानी के लिए लोग तरस रहे हैं। इसी जल संकट का समाधान निकालने के लिए विधायक जयदीप बिहानी ने अपने विधायक सेवा केंद्र पर RUIDP (राजस्थान शहरी अवसंरचना विकास परियोजना) और L&T कंपनी के अधिकारियों को तलब किया था। विधायक का कहना है कि वे सुबह से अधिकारियों को फोन कर रहे थे, लेकिन कोई सही जवाब नहीं मिल रहा था। जब अधिकारी दफ्तर पहुंचे, तो तीखी बहस शुरू हो गई जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
अधिकारी ने सरेआम विधायक को पीटा
विधायक बिहानी ने सीधे तौर पर RUIDP के AEN पर हमले का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने पेयजल व्यवस्था में हो रही लापरवाही और 550 करोड़ के प्रोजेक्ट में देरी को लेकर कड़ाई से सवाल पूछे, तो अधिकारी आपा खो बैठा। विधायक के मुताबिक, अधिकारी ने उन पर अचानक हमला कर दिया, जिससे उनके चेहरे और आंख के पास चोट लगी। मौके पर मौजूद समर्थकों ने बीच-बचाव किया, वरना स्थिति और भी बिगड़ सकती थी।
550 करोड़ का प्रोजेक्ट और जनता प्यासी
इस हंगामे के पीछे की बड़ी वजह शहर की बदहाल जल व्यवस्था है। करीब 550 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि वाली जल योजना की डेडलाइन कब की निकल चुकी है, लेकिन शहर में पाइपलाइन का काम अब भी अधूरा पड़ा है। विधायक ने साफ कहा कि, शहर की जनता को प्यासा रखकर अफसर चैन से नहीं सो पाएंगे। उन्होंने इस पूरे मामले की रिपोर्ट मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और विधानसभा अध्यक्ष को भेजने की तैयारी कर ली है।
पुलिस की कार्रवाई और इलाके में तनाव
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि विधायक की शिकायत पर FIR दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और दो अधिकारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इलाके के मुख्य चौराहों पर पुलिस तैनात है ताकि कार्यकर्ताओं का गुस्सा किसी अप्रिय घटना में न बदल जाए।
पढ़ें ये खबरें
- 5 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी कब बनेगा भारत? रुपये की कमजोरी बनी रोड़ा, टूटते सपनों के बीच जापान-ब्रिटेन को पछाड़ सकता है इंडिया ?
- टाइगर श्रॉफ पर हमले के हरियाणा से जुड़े तार, पकड़े गए 3 आरोपियों में 2 हरियाणा के
- नॉन-टीचिंग स्टाफ के लिए ऑनलाइन ट्रांसफर प्रक्रिया शुरू: गलती की तो अप्रूव करने वाले अधिकारी पर भी गिरेगी गाज
- एक बरगद का पेड़, हजारों नारियल और अनगिनत मन्नतें… यहां जंगलों में बसा ‘डायन खूनी माता’ का रहस्यमयी दरबार, आखिर क्या है इस धाम की कहानी?
- Gwalior Truck Accident: ग्वालियर हादसे पर गरमाई सियासत, पीसी शर्मा बोले- ‘जिम्मेदारों पर दर्ज हो हत्या का केस’; बीजेपी का पलटवार
