Rajasthan News: आसपुर (डूंगरपुर): बीएपी विधायक उमेश मीणा ने फूटी तलाई स्थित सरकारी शराब ठेके पर ताला लगाकर गेट पर वेल्डिंग करवा दी। उनका कहना है कि यह ठेका गर्ल्स हॉस्टल के पास अवैध रूप से खोला गया है, जिससे छात्राओं की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है। विधायक के इस कदम का गांव के लोगों और समर्थकों ने समर्थन किया और ठेके के सामने विरोध प्रदर्शन किया।

विधायक बोले, प्रशासन कर रहा अनदेखी
विधायक उमेश मीणा का कहना है कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सरपंचों और ग्रामीणों की सहमति के बिना बालिका छात्रावास के पास अवैध रूप से शराब का ठेका खोला गया है। इसे बंद करवाने के लिए पिछले 7-8 महीनों से प्रशासन को ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी, “स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि हमें मजबूर होकर इस ठेके पर ताला और वेल्डिंग करनी पड़ी। आंदोलन में आदिवासी, पाटीदार और सर्व समाज की सैकड़ों महिलाएं और पुरुष शामिल हुए। सरकार और आबकारी विभाग ने इस अवैध ठेके को लेकर आंखों पर पट्टी बांध रखी है।”
अधिकारियों ने ठेका दोबारा खुलवाया
विधायक द्वारा ठेका बंद कराने के कुछ ही घंटों बाद, आबकारी अधिकारी पहुंचे और ताला खुलवाकर शराब बिक्री फिर से शुरू करवा दी। उनका कहना है कि यह ठेका पूरी तरह वैध है और इसे बंद करने का कोई आधार नहीं है।
आदिवासी क्षेत्र को शराब मुक्त करना चाहते हैं
विधायक उमेश मीणा का कहना है कि वह चाहते हैं कि आदिवासी क्षेत्र (टीएसपी क्षेत्र) पूरी तरह शराब मुक्त हो, लेकिन सरकार और आबकारी विभाग मिलीभगत से अनुसूचित जनजाति क्षेत्र में शराब की दुकानें खोल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की लापरवाही के कारण छात्राओं को डर के कारण हॉस्टल छोड़ना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की चेतावनी, 24 घंटे में ठेका बंद नहीं हुआ तो आंदोलन तेज करेंगे
स्थानीय लोगों का कहना है कि ठेके पर लगातार झगड़े और मारपीट की घटनाएं होती हैं, जिससे छात्राएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर 24 घंटे में ठेका बंद नहीं किया गया, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
पढ़ें ये खबरें
- रुद्रपुर पहुंची कांग्रेस की ‘न्याय यात्रा’: कुमारी सैलजा संग जुटे दिग्गज, गंभीर आरोपों से गरमाई प्रदेश की राजनीति
- 8वीं मंजिल से गिरने से युवती की मौत, नोएडा से बॉयफ्रेंड के साथ आई थी इंदौर, युवक हिरासत में
- काशी पहुंचे रक्षा मंत्री: संकट मोचन दरबार में माथा टेक मांगी मन्नत, तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल
- केन-बेतवा लिंक परियोजना के विस्थापितो ने घेरा पन्ना कलेक्ट्रेट, उमंग सिंघार ने उठाया मुआवजे का मुद्दा
- पुलिस की तत्परता से 12 घंटे में मिली लापता दो सगी बहनें, मां की आंखों में छलके खुशी के आंसू
