Rajasthan News: कोटा में हाल ही में हुए हुड़दंग को देखते हुए पुलिस ने होली से पहले कोचिंग छात्रों के लिए सख्त गाइडलाइन जारी की है। चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की जीत के बाद छात्रों द्वारा किए गए उत्पात के चलते हॉस्टल संचालकों ने आशंका जताई थी कि होली के दौरान भी ऐसा माहौल बन सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने हॉस्टल संचालकों के साथ बैठक कर विशेष निर्देश दिए हैं।

गाइडलाइन के तहत होली के मौके पर हॉस्टल, मैस या पीजी में डीजे साउंड बजाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके अलावा केमिकल रंगों से होली खेलने की अनुमति नहीं होगी। किसी भी स्थान पर छात्रों की अधिक संख्या में एकत्रित होने या इवेंट आयोजित करने पर रोक रहेगी। ये पाबंदियां 13 मार्च (होली दहन) और 14 मार्च (धुलंडी) दोनों दिन लागू रहेंगी।
9 मार्च की रात को भारत की जीत के बाद हुआ था बवाल
भारत की जीत के बाद कोचिंग छात्रों ने कोरल पार्क क्षेत्र में जमकर हंगामा किया था। हजारों छात्रों ने बैरिकेड्स, दुकानों के शटर और पोस्टरों में तोड़फोड़ की थी। यह बवाल करीब डेढ़ घंटे तक चला, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना के बाद प्रशासन हरकत में आया और पुलिस ने तुरंत हॉस्टल संचालकों के साथ बैठक कर होली पर सख्त नियम लागू करने का फैसला लिया।
हॉस्टल संचालक रहेंगे सतर्क
कोटा हॉस्टल एसोसिएशन और कोरल पार्क हॉस्टल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि होली के दौरान छात्रों को हॉस्टल से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही, सभी हॉस्टल संचालक अपने संस्थानों में उपस्थित रहकर छात्रों पर निगरानी रखेंगे। यदि कोई छात्र नशे की हालत में पाया जाता है, तो हॉस्टल संचालक भी इसके लिए जिम्मेदार होंगे।

जारी रहेगी ये गाइडलाइन
- हॉस्टल, पीजी, मैस और रेस्टोरेंट्स में डीजे साउंड पूरी तरह प्रतिबंधित।
- नशे की पार्टी पर सख्त पाबंदी, नियम तोड़ने पर संचालक होंगे जिम्मेदार।
- छत पर जाने और किसी भी तरह के इवेंट के आयोजन पर रोक।
- धुलंडी के दिन केमिकल रंगों से होली खेलना प्रतिबंधित।
- होली के दौरान हॉस्टल संचालकों की मौजूदगी अनिवार्य, छात्रों की निगरानी जरूरी।
- किसी भी अव्यवस्था की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करने के निर्देश।
पुलिस ने किसी भी आपात स्थिति के लिए कंट्रोल रूम नंबर 07442350777, 07442350778 और बोरखेड़ा थाने का नंबर 07442350767 जारी किया है। कोटा हॉस्टल एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन मित्तल ने कहा कि गाइडलाइन का सख्ती से पालन करवाया जाएगा। साथ ही, बाहर से आकर हुड़दंग करने वालों पर भी पुलिस नजर रखेगी ताकि कोचिंग एरिया में किसी भी तरह की अव्यवस्था न फैले।
पढ़ें ये खबरें
- रुद्रपुर पहुंची कांग्रेस की ‘न्याय यात्रा’: कुमारी सैलजा संग जुटे दिग्गज, गंभीर आरोपों से गरमाई प्रदेश की राजनीति
- 8वीं मंजिल से गिरने से युवती की मौत, नोएडा से बॉयफ्रेंड के साथ आई थी इंदौर, युवक हिरासत में
- काशी पहुंचे रक्षा मंत्री: संकट मोचन दरबार में माथा टेक मांगी मन्नत, तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल
- केन-बेतवा लिंक परियोजना के विस्थापितो ने घेरा पन्ना कलेक्ट्रेट, उमंग सिंघार ने उठाया मुआवजे का मुद्दा
- पुलिस की तत्परता से 12 घंटे में मिली लापता दो सगी बहनें, मां की आंखों में छलके खुशी के आंसू
