Rajasthan School Summer Vacation: प्रदेश में सूरज की तपिश बढ़ने के साथ ही अब स्कूलों में छुट्टियों को लेकर महाभारत शुरू हो गई है। एक तरफ पारा 40 डिग्री के पार जा रहा है, तो दूसरी तरफ स्कूलों के कैलेंडर में छुट्टियों की कटौती ने आग में घी डालने का काम किया है। आलम यह है कि प्रदेश के लाखों गुरुजी और अभिभावक अब आमने-सामने नहीं, बल्कि एक साथ होकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल चुके हैं। सबकी एक ही मांग है बच्चों को बचाओ और छुट्टियां बढ़ाओ।

गुरुजी का अल्टीमेटम: अब आर-पार की लड़ाई
राजस्थान शिक्षक संघ (एकीकृत) ने साफ कर दिया है कि अब बर्दाश्त की सीमा खत्म हो चुकी है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रनजीत मीणा ने दो टूक शब्दों में कहा कि हमने 7 अप्रैल को ही कलेक्टर के जरिए शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेज दिया था, लेकिन सरकार कुंभकर्णी नींद सो रही है। शिक्षकों की मांग है कि ग्रीष्मकालीन अवकाश 17 मई से 30 जून तक किया जाए। इसके अलावा, जो संस्था प्रधान (प्रिंसिपल) के हाथ में 2 ऐच्छिक अवकाश होते थे, उन्हें भी बहाल किया जाए। आज 30 अप्रैल की डेडलाइन खत्म हो रही है, अगर फैसला नहीं हुआ तो प्रदेश भर के शिक्षक सड़कों पर उतरेंगे।
भीषण गर्मी और अभिभावकों का खौफ
सिर्फ शिक्षक ही नहीं, बच्चों के माता-पिता भी डरे हुए हैं। संयुक्त अभिभावक संघ के प्रवक्ता अभिषेक जैन बिट्टू ने तीखा सवाल किया है कि जब कॉलेजों में छुट्टियां हो सकती हैं, तो मासूम स्कूली बच्चों को इस भट्टी जैसी गर्मी में क्यों झोंका जा रहा है? अभिभावकों का कहना है कि “बच्चा स्वस्थ रहेगा, तभी तो पढ़ेगा।” जयपुर, जोधपुर और बीकानेर जैसे शहरों में लू के थपेड़ों के बीच बच्चों को स्कूल भेजना अब किसी खतरे से कम नहीं लग रहा है।
नए कैलेंडर ने बिगाड़ा खेल
विवाद की असली जड़ शिक्षा विभाग का नया कैलेंडर है, जिसमें छुट्टियों के दिनों में कैंची चलाई गई है। शिक्षकों का आरोप है कि गैर-शैक्षणिक कार्यों का बोझ पहले से ही ज्यादा है, ऊपर से गर्मियों की छुट्टियां कम करना उनके हक पर डाका है। सूत्रों की मानें तो शिक्षा विभाग के गलियारों में हलचल तेज है और मंत्री जी पर दबाव बढ़ता जा रहा है। अब गेंद शिक्षा मंत्री के पाले में है या तो वे आदेश जारी करें, या फिर शिक्षकों के भारी विरोध का सामना करें।
पढ़ें ये खबरें
- नितिन नबीन का उत्तराखंड दौरा, महालक्ष्मी अष्टभुजा मंदिर में की पूजा-अर्चना
- युवाओं को साधने का मास्टरस्ट्रोक? ‘आउटसोर्स व्यवस्था खत्म होगी, सबको मिलेगी पक्की नौकरी’, 2027 से पहले अखिलेश का बड़ा ऐलान
- अमृतसर में बैंक लूट की कोशिश नाकाम, स्प्रे लेकर पहुंचे 5 नकाबपोश; गार्ड को देखते ही भागे बदमाश
- बिहार कांग्रेस में बगावत पर बड़ा एक्शन, प्रदर्शन में शामिल 29 नेताओं को थमाया गया कारण बताओ नोटिस
- गेट बाजार फ्लाईओवर निर्माण पर बढ़ा विवाद: सांसद प्रदीप पाणिग्रही के पत्र के बाद जांच के आदेश


