Rajasthan UCC 2026: राजस्थान में समान नागरिक संहिता यानी Uniform Civil Code (UCC) को लेकर जयपुर जिला कलेक्ट्रेट में शुक्रवार को बड़ी बैठक हुई। सुबह 10 बजे से शुरू हुए इस मंथन में धर्मगुरुओं, शिक्षाविदों और वकीलों का जमावड़ा लगा था। बैठक में माहौल तब गर्म हो गया जब हवामहल विधायक बाबा बालमुकुंद आचार्य ने अपने अंदाज में बड़े दावे कर दिए।

हलाला और चार पत्नी पर निशाना
बैठक के बाद बाहर निकले बाबा बालमुकुंद आचार्य ने सीधे तौर पर शरिया कानून और पर्सनल लॉ पर सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने साफ कहा कि देश आगे बढ़ रहा है, लेकिन कुछ लोग आज भी पुरानी सोच को ढो रहे हैं। उन्होंने कहा, अब ऐसा नहीं चलेगा कि कोई चार पत्नियां रखे और एक पत्नी से ढेरों बच्चे पैदा करे। अगर कोई चाहता है कि मौलानाओं को हलाला जैसे कुकृत्य करने या कई बेगम रखने का मौका मिले, तो यह कतई संभव नहीं है।
विधायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीन तलाक कानून का जिक्र करते हुए कहा कि इससे हमारी माताओं और बहनों को बड़ा संरक्षण मिला है। उन्होंने इसे देशहित में उठाया गया सही कदम बताया।
लिव-इन और लव मैरिज पर क्या हुआ?
UCC समिति के अध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह ने बैठक के बाद अहम जानकारियां दीं। उन्होंने बताया कि इस चर्चा में सबसे दिलचस्प मोड़ तब आया जब हिंदू और मुस्लिम दोनों ही पक्षों ने एक राय रखी। सहमति इस बात पर बनी कि लिव-इन रिलेशनशिप (Live-in Relationship) को वैध नहीं माना जाना चाहिए। साथ ही, लव मैरिज को लेकर भी यह सुझाव आया है कि इसे माता-पिता की रजामंदी के साथ ही होना चाहिए। समिति का कहना है कि ज्यादातर लोग UCC के पक्ष में हैं, बस कुछ पर्सनल लॉ को लेकर संशय हैं जिन्हें दूर किया जा रहा है।
कांग्रेस पर बोला तीखा हमला
बाबा बालमुकुंद ने कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की आदत है हर अच्छे कानून का विरोध करना। उन्होंने दावा किया कि मुस्लिम पक्ष के लोगों ने बैठक में जो बातें रखीं, उन्हें सुनकर उन्हें खुद हैरानी हुई। विधायक के मुताबिक, UCC से किसी धर्म या संस्कृति के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं होगी, बल्कि सब लोग समान रूप से आगे बढ़ पाएंगे। अब सबकी नजरें इस पर हैं कि यह रिपोर्ट सरकार के पास जाने के बाद UCC का फाइनल ड्राफ्ट कैसा होगा।
पढ़ें ये खबरें
- हरदा में फिर बारूद के जखीरे से मंडराया खतरा! स्कूल के पास मकान में भरे थे पटाखों के बक्से, बिना लाइसेंस चल रहा था कारोबार
- सिद्धू मूसेवाला के छोटे भाई का वीडियो वायरल, माता-पिता के खिलाफ शिकायत; जानें क्या है पूरा विवाद
- ब्रेकिंग : अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमला, तीन अज्ञात हमलावरों ने की फाइरिंग
- बंगाल-बलरामपुर के बाद गोरखपुर में हाई अलर्ट! दुर्गा पंडालों की सुरक्षा चाक-चौबंद, चप्पे-चप्पे पर PAC तैनात
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 20 अक्टूबर को आएंगे पंजाब, नशा विरोधी कार्यकर्ताओं के परिवारों से करेंगे मुलाकात
