शुभम जायसवाल, राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ में एक नाबालिग की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सात दिन से लापता नाबालिग का शव मलावर थाना क्षेत्र के जंगल से बरामद हुआ है। जिस युवक पर उसे भगाकर ले जाने का संदेह था, उसकी भी उसी दिन सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने साइबर इन्वेस्टिगेशन, कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन के जरिए जांच आगे बढ़ाई तो जंगल में नाबालिग का सिर कटा शव मिला। पुलिस ने अब हत्या का मामला दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल शुरू कर दी है।
30 सितंबर को दर्ज हुई थी अपहरण की रिपोर्ट
मामला 30 सितंबर का है। राजगढ़ कोतवाली में 17 वर्षीय नाबालिग के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। परिजनों ने जामोन्या गणेश निवासी अनुराग उर्फ अंकित पर उसे अपने साथ ले जाने का संदेह जताया था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी ही थी कि इसी दौरान पता चला कि मलावर थाना क्षेत्र के पगारी बंग्ला के पास अनुराग की बाइक ट्रक से टकरा गई और हादसे में उसकी मौत हो गई।
कॉल डिटेल और लोकेशन से जंगल तक पहुंची पुलिस
नाबालिग की तलाश में पुलिस ने साइबर तकनीक, कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन की मदद ली। जांच के दौरान युवक की लोकेशन मलावर थाना क्षेत्र के जंगल में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने जंगल में सर्चिंग की, जहां करीब सात दिन से लापता नाबालिग का शव बेहद खराब हालत में बरामद हुआ। घटनास्थल से पुलिस को एक आरी भी मिली है। वहीं एक पेड़ पर रस्सी भी लटकी हुई मिली। पुलिस अब घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाकर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।
रिश्तेदार से पूछताछ में सामने आई अहम जानकारी
जांच के दौरान पुलिस अनुराग के एक रिश्तेदार तक भी पहुंची। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि अनुराग नाबालिग को लेकर जंगल की तरफ गया था। बाद में लौटकर उसने कथित तौर पर बताया कि उसने लड़की को मार दिया है और अब वह जा रहा है। इसके कुछ समय बाद ही अनुराग की सड़क हादसे में मौत हो गई।
प्रेम संबंध की बात, लेकिन हत्या की वजह अब भी जांच में
पुलिस जांच में अनुराग और नाबालिग के बीच प्रेम संबंध होने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि अनुराग पहले करेड़ी क्षेत्र से नाबालिग को अपने साथ ले गया था। हालांकि जंगल में नाबालिग की मौत किन परिस्थितियों में हुई और हत्या की वजह क्या थी, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शी नहीं, हर कड़ी की जांच
मामले में फिलहाल कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया है। पुलिस ने अपहरण की रिपोर्ट और युवक की सड़क दुर्घटना के मर्ग से जांच शुरू की थी। अब नाबालिग का शव मिलने के बाद हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर मामले की हर कड़ी की जांच कर रही है।
राजगढ़ थाना प्रभारी मंजू मखेनिया ने बताया कि 30 सितंबर को नाबालिग के अपहरण का केस दर्ज हुआ था। इस पर जांच की जा रही थी। सीडीआर पर एक नंबर मिला, जब जानकारी ली तो जो लड़का उस लड़की को ले गया था, उसकी सड़क हादसे में मौत हो गई थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लास्ट लोकेशन पर पहुंचे। जंगल में लापता नाबालिग का शव मिला। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

