नालंदा। जिले की सांस्कृतिक धरोहर राजगीर महोत्सव 2026 की प्रशासनिक तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं। इस वर्ष 26 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय भव्य समारोह को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए जिलाधिकारी उदिता सिंह और पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने संयुक्त बैठक कर अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए हैं।
मल्टीमीडिया स्क्रीन और सुव्यवस्थित दर्शक दीर्घा
डीएम उदिता सिंह ने मुख्य मंच के निर्माण में इस बात का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया है कि पीछे बैठे दर्शकों को भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आसानी से दिखाई दें। इसके लिए पूरे महोत्सव परिसर में विभिन्न स्थानों पर बड़े मल्टीमीडिया स्क्रीन लगाए जाएंगे। प्रवेश और निकास द्वारों की स्पष्ट मार्किंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा वाहनों पर चढ़कर कार्यक्रम देखने की प्रवृत्ति पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
24 घंटे सीसीटीवी निगरानी और कड़ा सुरक्षा घेरा
सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए राजगीर एसडीओ और एसडीपीओ को निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था सुधारने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुरक्षा के लिहाज से पूरे परिसर को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जाएगा। इसके साथ ही एक आधुनिक कंट्रोल रूम, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और आगंतुकों के लिए वेटिंग जोन का निर्माण किया जा रहा है।
दंगल प्रतियोगिता और घुड़सवारी दौड़ का नया प्रस्ताव
पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए इस बार महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों के लिए दंगल प्रतियोगिता का आयोजन होगा। वहीं टांगा-टोटो संघ के सुझाव पर टांगा रेस की पुरस्कार राशि बढ़ाने, सांत्वना पुरस्कारों की संख्या 50 करने तथा घुड़सवारी दौड़ शामिल करने के प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करते हुए स्थल चयन के निर्देश दिए गए हैं।
सात दिनों तक चलेगा ग्राम श्री मेला
मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भले ही 26 से 28 नवंबर तक चलेंगे, लेकिन स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प को बढ़ावा देने वाला ‘ग्राम श्री मेला’ पूरे सात दिनों तक जारी रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शुद्ध पेयजल, महिलाओं के लिए पृथक शौचालय, पार्किंग और साफ-सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

