राजकोट (गुजरात)। गुजरात के राजकोट स्थित हीरासर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रनवे के पास अचानक आग लग गई। आग के कारण चारों तरफ धुएं का घना गुबार छा गया, जिससे विजिबिलिटी बेहद कम हो गई। इस आपात स्थिति को देखते हुए दिल्ली से राजकोट आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट को वडोदरा डायवर्ट कर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। इस घटना के कारण विमान में सवार 100 से अधिक यात्रियों को घंटों देरी और भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, हीरासर एयरपोर्ट पर पक्षियों को रनवे से दूर भगाने के लिए पटाखे फोड़े जा रहे थे। इसी दौरान पटाखों से निकली चिंगारी पास ही स्थित सूखी घास में जा गिरी। हवा के साथ आग तेजी से भड़क उठी और रनवे के आसपास धुआं ही धुआं फैल गया। दृश्यता घटने के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने लैंडिंग को असुरक्षित घोषित कर दिया।
दिल्ली से आई फ्लाइट सुबह 10:25 बजे राजकोट पहुँचने वाली थी। लैंडिंग की अनुमति न मिलने पर पायलट को विमान को हवा में ही करीब 4 चक्कर लगाने पड़े। जब काफी समय तक धुआं कम नहीं हुआ और विजिबिलिटी में कोई सुधार नहीं आया, तो सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पायलट ने विमान को वडोदरा एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया। वडोदरा में सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थिति सामान्य होने के बाद फ्लाइट वडोदरा से उड़कर दोपहर 12:20 बजे राजकोट पहुँची। इसके बाद दोपहर 1:11 बजे विमान राजकोट से दिल्ली के लिए रवाना हो सका।
इस हादसे ने हवाई अड्डे पर पक्षियों को नियंत्रित करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली पद्धतियों और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से विस्तृत रिपोर्ट और आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है, जिससे आग लगने की सटीक वजहों और सुरक्षा चूक का स्पष्ट पता चल सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

