राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने एक बार फिर मंदिर ट्रस्ट पर सवाल उठाया है. उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि जिस कोषाध्यक्ष के कार्यकाल में चोरी हुई उसे और प्रमोट कर दिया गया. जिन लोगों का नाम उछाला जा रहा था वह तो अब गवाह होंगे अभियुक्त तो है ही नहीं. स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने सवाल किया कि ऐसे में फिर किसके ऊपर मुकदमा चलाओगे.

स्वामी ने आगे कहा कि “स्वाभाविक है कि जिनको बली का बकरा बनाया गया होगा, उन्हीं के ऊपर सब मढ़ दोगे.” स्वामी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा था दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा. यहां तो ना दूध दिखा ना पानी दिखा, सब मरुस्थल ही है.

इसे भी पढ़ें : सपा से सावधान! PDA फार्मूले और राज्यसभा उम्मीदवारों को लेकर SP पर मायावती का निशाना, छलावा बताते हुए जनता से की बड़ी अपील

स्वामी ने कहा कि यहां से तो लाखों गाय गायब हो गई तो दूध आएगा कहां से? उन्होंने यह भी कहा कि शर्म और हया तो इनके आंखों में बची ही नहीं. बता दें कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले में चंपत राय और अनिल मिश्रा को क्लीन दे दी गई है. उन्हें गवाह बना दिया गया है. वहीं अब ट्रस्ट के नए सदस्यों की भी नियुक्ति भी कर दी गई है.