Ramayana Controversy: मुंबई। रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ रिलीज से पहले ही चर्चा में आ गई है। फिल्म के गानों ‘मंगल रंग’ और ‘रावण तांडव’ को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी हुई है। कुछ यूजर्स गानों के संगीत और फिल्माए गए दृश्यों पर सवाल उठा रहे हैं। इस बीच संगीतकार एआर रहमान ने पहली बार इस मामले पर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि संगीत तैयार करने में काफी मेहनत लगती है और काम पूरा होने के बाद सोशल मीडिया पर आने वाले हर रिएक्शन को देखने की ऊर्जा नहीं बचती।
एआर रहमान बोले- काम पूरी ईमानदारी से किया
एआर रहमान ने बताया कि किसी भी संगीत को तैयार करने में कई स्तरों पर काम होता है। नए विचारों पर काम करने से लेकर उन्हें बार-बार सुधारने तक काफी समय और मेहनत लगती है। ऐसे में जब संगीत लोगों के सामने आता है, तब तक उसे कई बार परखा जा चुका होता है।
रहमान ने यह भी बताया कि उनका बेटा उन्हें सोशल मीडिया पर चल रही प्रतिक्रियाओं के बारे में बताता रहता है। इस पर वह यही कहते हैं कि उन्होंने अपना काम पूरी ईमानदारी से किया है और उन्हें उम्मीद है कि लोग उसे पसंद करेंगे।
‘मंगल रंग’ की तुलना ‘कुन फाया कुन’ से
फिल्म का गाना ‘मंगल रंग’ रिलीज होने के बाद से ही सोशल मीडिया पर चर्चा में है। कुछ यूजर्स ने इसकी तुलना फिल्म ‘रॉकस्टार’ के मशहूर गाने ‘कुन फाया कुन’ से की है, जबकि कुछ लोगों को इसका संगीत कव्वाली जैसा लगा। इस गाने को अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने आवाज दी है।

हालांकि, गाने को लेकर लोगों की राय बंटी हुई है। कुछ दर्शक इसके संगीत की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ इसकी धुन और अंदाज पर सवाल उठा रहे हैं।
राम-सीता के हल्दी वाले सीन पर भी उठे सवाल
‘मंगल रंग’ के वीडियो में एक दृश्य को लेकर भी विवाद हुआ है। इसमें भगवान राम के किरदार में रणबीर कपूर और माता सीता के किरदार में साई पल्लवी को हल्दी की रस्म के दौरान साथ दिखाया गया है। कुछ यूजर्स ने इस दृश्य पर आपत्ति जताते हुए कहा कि यह पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के अनुरूप नहीं है। फिलहाल, मेकर्स की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
विदेशों में फिल्म को मिल रहा अच्छा रिस्पॉन्स
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है। फिल्म पर पिछले करीब तीन साल से काम चल रहा है और अब इसकी रिलीज को लेकर तैयारियां तेज हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया में फिल्म की एडवांस बुकिंग को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
Rajinikanth की ‘धर्मन’ में हुई नयनतारा की एंट्री, 5 साल बाद फिर साथ नजर आएगी सुपरहिट जोड़ी
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

