Ramayana: मुंबई। रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर एक नया अपडेट आया है। फिल्म में यश जहां रावण का किरदार निभा रहे हैं, वहीं उनके युवा रूप यानी यंग रावण की भूमिका में राघव मल्होत्रा नजर आएंगे। खास बात यह है कि राघव की यह पहली फिल्म है और वह ‘रामायण’ के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा के बड़े बेटे हैं।
यश से मिलती है राघव की बॉडी
राघव मल्होत्रा को फिल्म में यंग रावण के किरदार के लिए चुनने के पीछे उनकी यश से शारीरिक समानता बताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, राघव की कद-काठी और बॉडी स्ट्रक्चर यश से काफी मिलता है। ऐसे में फिल्म के कुछ दृश्यों में वह यश के युवा रूप के तौर पर नजर आएंगे। बताया जा रहा है कि उनका लुक यश के बॉडी डबल जैसा दिखाई देता है। राघव के लिए यह फिल्म इसलिए भी खास है, क्योंकि इसी के साथ वह अभिनय की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं।
कौन हैं राघव मल्होत्रा के पिता नमित मल्होत्रा?
राघव के पिता नमित मल्होत्रा फिल्म ‘रामायण’ के प्रोड्यूसर हैं और विजुअल इफेक्ट्स की दुनिया में जाना-पहचाना नाम हैं। वह प्राइम फोकस ग्रुप से जुड़े हैं। फिल्म के भव्य स्तर और विजुअल इफेक्ट्स की जिम्मेदारी में उनकी अहम भूमिका है। नमित मल्होत्रा की संपत्ति भी इन दिनों चर्चा में है। हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 के मुताबिक, नमित मल्होत्रा और उनके परिवार की कुल संपत्ति करीब 16 हजार करोड़ रुपये बताई गई है। रिपोर्ट में उनकी संपत्ति में 279 फीसदी की बढ़ोतरी का भी जिक्र है।
Young Ravana 🥵🔥 player by Namit Malhotra’s eldest son ✨ #Yash #YashBoss @TheNameIsYash @malhotra_namit #Ramayana https://t.co/CyenMTlPbr
— 𝔾𝕂𝕃 ™ (@Thename_is_GKL) October 27, 2026
राम नहीं, रावण का किरदार निभाना चाहते थे यश
यश पहले ही बता चुके हैं कि उन्होंने ‘रामायण’ में भगवान राम की जगह रावण का किरदार क्यों चुना। एक बातचीत में उन्होंने कहा था कि राम की अच्छाई को प्रभावशाली तरीके से दिखाने के लिए रावण का मजबूत होना भी जरूरी है। वह पर्दे पर एक नकारात्मक किरदार को पूरी शिद्दत से निभाना चाहते थे। यश ने यह भी कहा था कि फिल्म में किसी एक कलाकार की लोकप्रियता से ज्यादा जरूरी पूरी टीम का साथ मिलकर काम करना है। वहीं, हैदराबाद में एक कार्यक्रम के दौरान साई पल्लवी ने भी यश के इस फैसले की तारीफ की थी।
दो हिस्सों में रिलीज होगी ‘रामायण’
डायरेक्टर नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ को दो भागों में रिलीज करने की तैयारी है। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 पर आएगा। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। इसके अलावा भी कई बड़े कलाकार इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

