जशपुर/अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर और सरगुजा जिले में जंगली हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। जशपुर के पत्थलगांव वन परिक्षेत्र में हाथियों के दल ने किसानों की धान की फसलों को जमकर नुकसान पहुंचाया है। वहीं सरगुजा के उदयपुर वन परिक्षेत्र में एक लोनर हाथी ने घर में घुसकर जमकर तबाही मचाई।

जशपुर में हाथी से दहशत का माहौल
जशपुर में करीब 12 हाथियों का दल दो अलग-अलग स्थानों पर बंटकर विचरण कर रहा है। हाथियों के मूवमेंट से पत्थलगांव वन परिक्षेत्र के कुनकुरी, इंजको, इला, किलकिला, जोराडोल और तिलडेगा क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हाथियों ने खेतों में पहुंचकर धान की फसलों को नुकसान पहुंचाया है, जिससे किसानों को अपनी फसल की चिंता सताने लगी है।

वन विभाग की ग्रामीणों से अपील
हाथियों के नजदीक पहुंचकर ग्रामीणों द्वारा फोटो और वीडियो बनाए जाने से खतरा और बढ़ गया है। वन विभाग लगातार हाथियों की गतिविधियों और मूवमेंट पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों से हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और उनके करीब न जाने की अपील की जा रही है।

सरगुजा में घर में घुसा लोनर हाथी
इधर, सरगुजा के उदयपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम रामनगर में बीती रात एक लोनर हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। हाथी अचानक जवाहिर पण्डो के घर में घुस गया और मकान के बड़े हिस्से को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना में परिवार को भारी नुकसान हुआ है।

ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील
घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन अमले ने गांव में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की है। फिलहाल वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रही है और क्षतिग्रस्त मकान का आकलन किया जा रहा है।


Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



