रांची। रांची विश्वविद्यालय ने पीएचडी एडमिशन 2026 की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में खाली 331 सीटों के लिए 1 सितंबर से आवेदन लिए जा रहे हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 10 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। इस बार पीएचडी में दाखिले के लिए न तो आवेदन शुल्क लिया जा रहा है और न ही प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी।
विश्वविद्यालय ने यह प्रक्रिया यूजीसी रेगुलेशन 2022 के आधार पर तैयार रांची विश्वविद्यालय पीएचडी रेगुलेशन 2026 के तहत शुरू की है।
331 सीटों में किस विषय में सबसे ज्यादा मौका?
विभागवार सीटों की बात करें तो जंतु विज्ञान में सबसे ज्यादा 30 सीटें खाली हैं। बॉटनी में 28, मनोविज्ञान में 26, अंग्रेजी में 25 और दर्शनशास्त्र में 24 सीटें हैं।वहीं मुंडारी में सिर्फ एक सीट उपलब्ध है। बांग्ला विषय में कोई सीट रिक्त नहीं है।
कुल 331 सीटों में सामान्य वर्ग के लिए 153, EWS के लिए 16, ST के लिए 85, SC के लिए 34, BC-I के लिए 30 और BC-II के लिए 13 सीटें निर्धारित हैं।
पहली बार 4 वर्षीय ऑनर्स विद रिसर्च वालों को भी मौका
रांची विश्वविद्यालय ने इस बार चार वर्षीय या आठ सेमेस्टर वाले स्नातक ऑनर्स विद रिसर्च करने वाले विद्यार्थियों को भी निर्धारित शर्तों के साथ पीएचडी में आवेदन का अवसर दिया है।
यह व्यवस्था उन विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण है, जिन्होंने नई शिक्षा व्यवस्था के तहत चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम पूरा किया है।
पीएचडी के लिए कितने अंक जरूरी?
पीएचडी में आवेदन करने के लिए स्नातकोत्तर में कम से कम 55 प्रतिशत अंक होना जरूरी है। एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को नियम के अनुसार 5 प्रतिशत की छूट मिलेगी।इसके अलावा UGC NET, CSIR-NET और GATE उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
विश्वविद्यालय के अनुसार इंटरव्यू के लिए एक सीट पर तीन अभ्यर्थियों को बुलाया जाएगा। जिन उम्मीदवारों को प्रवेश परीक्षा से छूट मिली है, उनकी मेरिट इंटरव्यू में प्राप्त प्रतिशत स्कोर के आधार पर तैयार की जाएगी।
मान्यता प्राप्त विदेशी संस्थान से पीजी करने वाले अभ्यर्थी भी निर्धारित पात्रता पूरी करने पर आवेदन कर सकेंगे।
आवेदन के बाद क्या करना होगा?
ऑनलाइन आवेदन पूरा करने के बाद अभ्यर्थियों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन की हार्ड कॉपी संबंधित विभाग में जमा करनी होगी। विश्वविद्यालय मुख्यालय में आवेदन की हार्ड कॉपी जमा नहीं की जाएगी।
कब जारी होगी चयन सूची?
रांची विश्वविद्यालय ने पीएचडी एडमिशन का पूरा कैलेंडर भी जारी कर दिया है।16 सितंबर 2026 को इंटरव्यू के लिए चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी होगी। इसके बाद 17 और 18 सितंबर को ऑनलाइन ग्रीवांस दर्ज कराने का मौका मिलेगा। 21 सितंबर को इंटरव्यू के लिए फाइनल सूची जारी की जाएगी।
संबंधित विभागों में इंटरव्यू 24 से 29 सितंबर के बीच होने की संभावित तिथि तय की गई है। 30 सितंबर को मेरिट के आधार पर चयन सूची जारी होगी।
इसके बाद 1 से 8 अक्टूबर तक डीआरसी चेयरमैन की ओर से सुपरवाइजर आवंटन किया जाएगा। पीएचडी स्कॉलर्स के लिए सिनोप्सिस तैयारी और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 12 अक्टूबर से 24 दिसंबर 2026 तक चलेगी। वहीं पीएचडी कोर्स वर्क की संभावित अवधि 2 जनवरी से 30 जून 2027 तक रखी गई है।
विषयवार पीएचडी सीटें
मानवशास्त्र – 9
इतिहास – 10
पंचपरगनिया – 4
बांग्ला – 0
हो – 4
दर्शनशास्त्र – 24
बॉटनी – 28
गृह विज्ञान – 6
भौतिकी – 16
केमिस्ट्री – 18
खड़िया – 2
राजनीति शास्त्र – 10
कॉमर्स – 10
खोरठा – 2
मनोविज्ञान – 26
इकोनॉमिक्स – 12
कुरमाली – 2
संस्कृत – 9
इंग्लिश – 25
कुड़ुख – 6
संताली – 4
भूगोल – 18
गणित – 16
समाजशास्त्र – 4
भूगर्भशास्त्र – 3
मुंडारी – 1
उर्दू – 6
हिंदी – 19
नागपुरी – 5
जंतु विज्ञान – 30
ऐसे में पीएचडी करने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए यह अहम मौका है। आवेदन की अंतिम तारीख 10 सितंबर 2026 है और विश्वविद्यालय ने इस बार आवेदन शुल्क और प्रवेश परीक्षा दोनों से राहत दी है।


