गुरुग्राम। राव तुलाराम फ्लाईओवर पर मरम्मत कार्य शुरू होने के कारण गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने बुधवार शाम से दिल्ली जाने वाले वाहनों के लिए व्यापक यातायात डायवर्जन लागू कर दिया है। फ्लाईओवर पर काम चलने से दिल्ली की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर दबाव बढ़ सकता है, जिसे देखते हुए पुलिस ने वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाकर ही घर से निकलें।

वसंत विहार और धौलाकुआं जाने वालों के लिए यह है रास्ता

ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, गुरुग्राम से वसंत विहार जाने वाले वाहन अब धौलाकुआं होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। वहीं, नेशनल हाईवे-48 (NH-48) से कुंडली-मानसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहनों के रूट में भी बदलाव किया गया है।

नरसिंहपुर और इफको चौक से ये हैं वैकल्पिक रूट

दिल्ली जाने वाले चालकों के लिए नरसिंहपुर क्लोवरलीफ से द्वारका एक्सप्रेसवे और अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-2) का रास्ता सुझाया गया है। इसके अलावा, चालक नरसिंहपुर से साउदर्न पेरीफेरल रोड (SPR), घाटा टी-प्वाइंट, ग्वालपहाड़ी और मांडी बॉर्डर के रास्ते भी दिल्ली पहुंच सकते हैं। इफको चौक से जाने वाले वाहन चालक एमजी रोड, आया नगर बॉर्डर, बंधवाड़ी टोल और डेरा मार्ग का विकल्प चुन सकते हैं।

राजीव चौक, उद्योग विहार और रजोकरी से भी निकले विकल्प

राजीव चौक से दिल्ली जाने वाले चालक सोहना रोड, बल्लभगढ़ और बदरपुर बॉर्डर होकर जा सकते हैं। दूसरी ओर, उद्योग विहार और रजोकरी फ्लाईओवर से सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए UER-2 का रास्ता उपलब्ध रहेगा। पुलिस ने सभी वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन रूट अपनाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m