दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में गुरुवार को मशहूर पंजाबी गायक गुरु रंधावा (Guru Randhawa) से जुड़े एक जिम पर फायरिंग की घटना सामने आई है। इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अनिल पंडित ग्रुप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट और ऑडियो संदेश के जरिए ली है। जानकारी के अनुसार, बाइक सवार दो बदमाशों ने पश्चिम विहार के पुष्कर एन्क्लेव स्थित 24 एचएस फिटनेस जिम पर गोलीबारी की। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। इस वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दोनों आरोपी तेज रफ्तार बाइक पर फरार होते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, एक अन्य तस्वीर में दोनों को फायरिंग करते हुए देखा गया है। आरोपियों ने अपने चेहरे ढके हुए थे ताकि उनकी पहचान न हो सके।
7 गोलियां चलाईं और फरार हो गए
अधिकारियों के अनुसार यह जिम राजौरी गार्डन के रहने वाले दो व्यक्तियों का है, जबकि गुरु रंधावा इससे ‘ब्रांड एंबेसडर’ के रूप में जुड़े हुए हैं। पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना पश्चिम विहार पूर्व थाने को फोन के जरिए दी गई थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बदमाश जिम के पास पहुंचे और अचानक कांच के हिस्से पर कई राउंड गोलियां चला दीं, जिसके बाद वे मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, हमले में कम से कम सात गोलियां चलाई गईं। एक गोली जिम के शीशे के गेट पर लगी, जबकि मौके से खाली कारतूस के खोखे बरामद किए गए हैं। राहत की बात यह है कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
घटना के तुरंत बाद इलाके में पुलिस, स्पेशल स्टाफ के कर्मी और जिला पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, गोलीबारी की घटना के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अनिल पंडित ग्रुप से जुड़े एक सोशल मीडिया अकाउंट से एक पोस्ट सामने आया है, जिसमें हमले की जिम्मेदारी ली गई है। इस पोस्ट में आरोप लगाया गया है कि गुरु रंधावा ने गैंग की पिछली चेतावनियों के बावजूद बॉलीवुड के एक अभिनेता के साथ करीबी संबंध बनाए रखे। पोस्ट में गायक और अन्य कथित विरोधियों को धमकी भी दी गई है कि वे चाहे कहीं भी छिप जाएं, उन्हें निशाना बनाया जाएगा। पुलिस ने कहा है कि इस सोशल मीडिया पोस्ट की प्रामाणिकता और उसके पीछे के नेटवर्क की जांच की जा रही है।
गैंगस्टर अनिल पंडित ने करवाया हमला?
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित यह ऑडियो क्लिप मामले में अहम कड़ी साबित हो सकती है। सूत्रों के अनुसार, इस वॉयस मैसेज में अनिल पंडित होने का दावा करने वाला एक शख्स कथित तौर पर कह रहा है कि संबंधित व्यक्ति को पहले ही चेतावनी दी गई थी, लेकिन उसने बात नहीं मानी। संदेश में यह भी कहा गया है कि “उनके सभी दुश्मन, चाहे कहीं भी हों, जल्द ही उनसे मिलेंगे।” पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो क्लिप दोनों की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है। फिलहाल फॉरेंसिक और साइबर टीम इन डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वॉयस मैसेज में मौजूद आवाज का मिलान गैंगस्टर अनिल पंडित की आवाज के सैंपल से करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि संदेश वास्तव में उसी का है या नहीं।
जांचकर्ताओं के अनुसार, यह हमला फिलहाल रंगदारी (एक्सटॉर्शन) के बजाय आपसी प्रतिद्वंद्विता से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपियों की जल्द पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमें गठित की हैं। साथ ही CCTV फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्य और सोशल मीडिया गतिविधियों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

