सुशीला देवी | सोहना/गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस ने रैपिडो राइड बुक कर राइडरों से चाकू की नोक पर स्कूटी लूटने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और लूटी गई दो स्कूटियां भी बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त की तड़के करीब 3:20 बजे एक रैपिडो राइडर को सेक्टर-43 से बुकिंग मिली। राइडर बताए गए स्थान पर पहुंचा, जहां एक युवक उसकी स्कूटी पर सवार हो गया। कुछ दूरी तय करने के बाद आरोपी ने राइडर की गर्दन पर चाकू रख दिया। इसी दौरान उसका दूसरा साथी भी मौके पर पहुंच गया। दोनों आरोपियों ने राइडर को जान से मारने की धमकी देकर उसकी स्कूटी लूट ली और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर थाना सुशांत लोक में मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच अपराध शाखा सेक्टर-43 को सौंपी गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 अगस्त को कन्हई ढाणी क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सत्यम भट्ट (19 वर्ष) और मोहम्मद फरमान (19 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने सेक्टर-56 क्षेत्र में भी इसी तरीके से एक अन्य रैपिडो राइडर से स्कूटी लूटने की वारदात कबूल की।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी फूल बेचने का काम करते थे, लेकिन जल्दी पैसा कमाने के लालच में उन्होंने लूटपाट का रास्ता अपना लिया। वे रैपिडो ऐप पर फर्जी राइड बुक कर राइडरों को सुनसान स्थान पर बुलाते थे और चाकू की नोक पर उनकी स्कूटी लूटकर फरार हो जाते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और लूटी गई दोनों स्कूटियां बरामद कर ली हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे इसी तरह की अन्य वारदातों में भी शामिल रहे हैं या नहीं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


