रायपुर। राजधानी रायपुर में कौशल्या विहार (पूर्व में कमल विहार) के बाद रायपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) ने करीब 16 साल बाद एक और बड़ी टाउनशिप योजना की शुरुआत की है। नवा रायपुर के नजदीक पिरदा और ग्राम तुलसी की करीब 355 एकड़ जमीन पर प्रस्तावित इस योजना के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। आरडीए ने दोनों गांवों के भू-स्वामियों से दावे-आपत्तियां आमंत्रित की हैं। योजना के दायरे में आने वाले पिरदा और तुलसी दोनों गांवों के 879 भू-स्वामियों से दावे और आपत्तियां मांगी गई हैं।
कमल विहार के बाद दूसरी बड़ी योजना
पिरदा-तुलसी टाउनशिप को आरडीए की कमल विहार के बाद दूसरी बड़ी टाउनशिप योजना माना जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, इस बार योजना तैयार करते समय कौशल्या विहार में सामने आई समस्याओं और कमियों को ध्यान में रखा गया है। करीब 355 एकड़ क्षेत्र में प्रस्तावित इस योजना में जमीन का नियोजित विकास किया जाएगा और विकास के बाद भू-स्वामियों को उनके हिस्से की 40 प्रतिशत विकसित भूमि वापस दी जाएगी। आरडीए का लक्ष्य है कि योजना से जुड़ी पूरी प्रक्रिया दिसंबर तक पूरी कर ली जाए।
राजपत्र में प्रकाशित अधिसूचना

कौशल्या विहार के क्रियान्वयन के दौरान सामने आई थीं दिक्कतें
आरडीए की पिछली बड़ी टाउनशिप योजना कौशल्या विहार के क्रियान्वयन के दौरान कई तरह की दिक्कतें सामने आई थीं। योजना के चलते प्राधिकरण पर वित्तीय दबाव बढ़ा था और करीब 400 करोड़ रुपये का कर्ज होने की बात सामने आई थी। हालांकि आरडीए अब इस कर्ज से उबर चुका है।
नई योजना में प्राधिकरण का जोर इस बात पर है कि जमीन के नियोजन से लेकर अधोसंरचना विकास और भू-स्वामियों को विकसित जमीन वापस करने तक की प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से पूरी हो।
सड़क से सीवरेज तक विकसित होंगी सुविधाएं
प्रस्तावित टाउनशिप में आधुनिक बुनियादी सुविधाओं के विकास की योजना है। इसमें सड़क, नाली, जलापूर्ति, सीवरेज, बिजली, पार्क सहित अन्य जरूरी आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। आवासीय और व्यावसायिक उपयोग के लिए अलग-अलग जमीन का प्रावधान किया जाएगा। योजना में निजी निवेशकों की भागीदारी का रास्ता भी रखा गया है।
879 भू-स्वामियों से मांगे गए दावे-आपत्तियां
पिरदा और तुलसी की प्रस्तावित टाउनशिप योजना में शामिल 879 भू-स्वामियों से दावे-आपत्तियां आमंत्रित किए जाने के बाद अब योजना की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। दावे-आपत्तियों के निराकरण के बाद जमीन के नियोजन और विकास से जुड़े अगले चरणों पर काम किया जाएगा। आरडीए की कोशिश है कि नई योजना में पिछली परियोजना से मिले अनुभवों को शामिल करते हुए विकास कार्यों को बेहतर तरीके से अंजाम दिया जाए।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


