कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। घरों में आ रहे गंदे और बदबूदार पानी समेत शहर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर एक एडवोकेट ने नगर निगम प्रशासन को खुली चेतावनी दे दी है। एडवोकेट आशुतोष दुबे ने साफ कहा है कि अगर दो दिन के अंदर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे घरों में सप्लाई हो रहे गंदे पानी की बोतल लेकर नगर निगम कमिश्नर को पिलाने पहुंचेंगे। इसी चेतावनी के साथ उन्होंने नगर निगम परिषद भवन के सामने तीन घंटे का सांकेतिक धरना दिया।
नगर निगम परिषद भवन के सामने जमीन पर बैठकर एडवोकेट आशुतोष दुबे ने शहर की बदहाल व्यवस्थाओं के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। उनका आरोप है कि एलिवेटेड रोड निर्माण के चलते ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया है और परिषद भवन, चिड़ियाघर मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। वहीं सड़कें खुदी होने के कारण आम लोग परेशान हैं और कई बार एंबुलेंस भी जाम में फंस रही हैं। उनका कहना है कि चार महीने से खराब पड़ी सड़कों को ट्रैफिक डायवर्जन से पहले दुरुस्त किया जा सकता था, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया।
आशुतोष दुबे ने शहर में सीवेज सिस्टम की अव्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि कई इलाकों में जलभराव हो रहा है और लोगों के घरों में गंदा और बदबूदार पानी सप्लाई किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब अपील समिति के चुनाव के दौरान नगर निगम के सभी पार्षद और प्रशासनिक अधिकारी परिषद भवन में मौजूद थे, तब उन्होंने इस प्रदर्शन के जरिए सभी का ध्यान शहर की जमीनी समस्याओं की ओर आकर्षित करने की कोशिश की। उनका कहना है कि या तो शहर को रहने लायक बनाया जाए, वरना जिम्मेदार लोग “चुल्लू भर पानी में डूब जाएं।”
आशुतोष दुबे ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिन के भीतर गंदे पानी और अन्य नागरिक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे घरों में आ रहे गंदे पानी की बोतल लेकर नगर निगम कमिश्नर के कार्यालय पहुंचेंगे और उन्हें वही पानी पिलाने का प्रयास करेंगे। आपको बता दें कि आशुतोष दुबे शहर के ज्वलंत मुद्दों को लेकर पहले भी अनोखे अंदाज में प्रदर्शन करते रहे हैं और इस बार भी उनका विरोध चर्चा का विषय बना हुआ है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

