एसआर रघुवंशी, गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले में सोशल मीडिया पर उत्तर प्रदेश (UP) के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी पर अभद्र टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। इस ओछी हरकत के बाद से स्थानीय यादव समाज में भारी आक्रोश फैल गया। हालांकि बढ़ते दबाव को देखते हुए आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
फेसबुक पोस्ट से भड़का आक्रोश
जानकारी के अनुसार, बृजेश भानु शर्मा नामक एक शख्स ने अपने फेसबुक अकाउंट से अखिलेश यादव की बेटी को लेकर एक अमर्यादित और अभद्र टिप्पणी पोस्ट की थी। इस पोस्ट के वायरल होते ही ‘अखिल भारतवर्षीय युवा यादव महासभा’ के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव के नेतृत्व में समाज के लोग लामबंद हो गए और सिटी कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई। यादव समाज ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी थी कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो पूरे जिले में उग्र आंदोलन किया जाएगा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाई और आरोपी के खिलाफ नामजद एफआईआर (FIR) दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
वीडियो जारी कर मांगी माफी, फिर पहुंचे थाने
पुलिसिया कार्रवाई और समाज के गुस्से को भांपते हुए आरोपी बृजेश भानु शर्मा बैकफुट पर आ गया। उसने सरेंडर करने से पहले एक वीडियो बयान जारी कर दोनों हाथ जोड़कर यादव समाज से माफी मांगी। आरोपी ने वीडियो में कहा- मुझसे सोशल मीडिया पर जो पोस्ट हुई है, उससे मुझे बेहद आत्मग्लानि है। मैं अपने कृत्य के लिए यादव समाज से हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं और संकल्प लेता हूं कि भविष्य में कभी भी किसी भी समाज या बहन-बेटी पर ऐसी टिप्पणी नहीं करूंगा।


