गुरुग्राम । महज ₹100 की मांग ने एक 75 वर्षीय रिटायर्ड महिला टीचर की जान ले ली। न्यू कॉलोनी के सेक्टर-7 क्षेत्र में आरोपी कथित तौर पर चोरी के इरादे से महिला के घर में घुसा था। घर के अंदर महिला के मौजूद होने पर उसने उनसे 100 रुपये मांगे। महिला ने विरोध किया और शोर मचाया तो आरोपी ने उन्हें जोरदार धक्का दे दिया। जमीन पर गिरने के बाद महिला की मौत हो गई।

मृतका की पहचान मधु शर्मा के रूप में हुई है। वह रिटायर्ड लेडी टीचर थीं और पुराने मकान में अकेली रहती थीं। पुलिस के मुताबिक करीब 35 वर्षीय संदिग्ध युवक अंधेरा देखकर मकान को बंद समझकर चोरी के इरादे से अंदर दाखिल हुआ था। घर में महिला के मिलने के बाद मामला चोरी से बढ़कर जानलेवा वारदात में बदल गया।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। पड़ोसियों ने आरोपी को भागने से रोकने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि आरोपी मौके से निकलकर पास के एक मकान के आसपास झाड़ियों और निर्माणाधीन हिस्से में छिप गया था। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने उसे कुछ ही घंटों में पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की उम्र करीब 35 वर्ष है और उसके नशे का आदी होने की बात सामने आई है। हालांकि, उसकी नशे की लत और वारदात के पीछे की पूरी परिस्थितियों की पुलिस जांच कर रही है।
न्यू कॉलोनी थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एसएचओ इंस्पेक्टर संजीव ने घटना और आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी घर में कैसे दाखिल हुआ और वारदात से पहले या बाद में उसने चोरी का कोई सामान लिया था या नहीं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

